विभागों के श्रेष्ठ कार्यों और नवाचारों की जानकारी सामने आए


विभागों के श्रेष्ठ कार्यों और नवाचारों की जानकारी सामने आए


मुख्यमंत्री श्री चौहान ने की मंत्रियों से चर्चा 


भोपाल : मंगलवार, जनवरी 19, 2021, 16:12 IST

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि अनेक विभाग जन-कल्याण से जुड़े श्रेष्ठ कार्य कर रहे हैं। अनेक नवाचार अपनाए गए हैं। इनकी जानकारी आमजन तक पहुँचे इसके लिए मंत्रीगण नेतृत्व करते हुए ऐसी गतिविधियों से अवगत करवायें। अच्छे कामों का विवरण प्राप्त कर अन्य विभाग और व्यक्ति भी इस दिशा में प्रेरित होते हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान आज मंत्रालय में मंत्रि-परिषद की बैठक से पहले मंत्रि-परिषद सदस्यों को संबोधित कर रहे थे।

आयडिया सुझाएं, निर्णय लेंगे

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि हम नीति निर्माता हैं। मंत्रीगण अपने विभाग से संबंधित एक विशेष नवाचार या कार्य का आयडिया भी प्रस्तुत करें। मंत्रियों को विभाग के साथ ही शासन की महत्वपूर्ण गतिविधियों की जानकारी भी रहे, तो श्रेयस्कर होगा। अन्य विभागों के कार्यों से भी मंत्री अवगत रहें। मंत्रियों द्वारा प्रस्तुत आयडिया के संबंध में विचार-विमर्श कर निर्णय भी लिया जाएगा। क्रमानुसार सभी विभागों के प्रस्तुतिकरण होंगे।

गेहूँ के बाद व्यवस्थित धान खरीदी की उपलब्धि

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश में रिकार्ड तोड़ गेहूँ खरीदी हुई थी। मध्यप्रदेश, देश में सर्वाधिक उपार्जन वाला राज्य बना। इसी तरह धान की खरीदी भी ऐतिहासिक रही। मध्यप्रदेश का किसान संतुष्ट है। किसानों को समय पर राशि का भुगतान हुआ। प्रदेश में धान के उपार्जन का कार्य व्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ। मंत्रीगण भी बधाई के पात्र हैं। सभी के सहयोग से यह उपलब्धि मिली है।

कुचलना है माफियाओं को

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में शराब माफियाओं को पूरी तरह कुचलना है। मुरैना में जहरीली शराब के सेवन से हुई मौतें दु:ख और दुर्भाग्य का विषय हैं। शासन ने शराब माफियाओं के विरुद्ध अभियान शुरू किया है, जो जारी रहेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर तरह के माफियाओं को पूरी तरह समाप्त करके ही हम चैन की साँस लेंगे। समय-समय पर कमिश्नर्स और आईजी स्तर के अधिकारियों से संवाद कर प्रदेश में विभिन्न तरह के माफिया और मिलावटियों के विरुद्ध अभियान की प्रगति की जानकारी ली जा रही है।

तबादले होंगे, लेकिन युक्तिसंगत

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि स्थानांतरण नीति पर विचार करेंगे। नीति ऐसी होगी, जो युक्तिसंगत रहेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि 1 से 30 अप्रैल तक स्थानांतरण से प्रतिबंध हटाया जाएगा। मानवीय और प्रशासनिक आधार पर एक पारदर्शी व्यवस्था लागू करने का प्रयास होगा। इसके बाद वर्ष भर स्थानांतरण नहीं होगा। इसके लिए प्रत्येक विभाग समीक्षा कर आवश्यक तैयारी कर लें।

योजनाओं की समीक्षा करें मंत्री

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मंत्री विभाग की योजनाओं के वर्तमान स्वरूप, औचित्य और आवश्यक संशोधन के संबंध में अध्ययन कर लें। आगामी बजट के संदर्भ में भी मंत्री और प्रत्येक विभाग अपनी योजनाओं की समीक्षा कर लें।

20 जनवरी को रोजगार मेले

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि राज्य स्तर से संबल योजना में हितग्राहियों के खातों में राशि जमा की जा रही है। पिछले महीनों में भी कोरोना संकट के समय योजनाओं का लाभ हितग्राहियों को दिलवाया गया। इस क्रम में बुधवार, 20 जनवरी को प्रदेश में रोजगार मेले लग रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन मेलों में सभी मंत्री सहभागिता करें। युवाओं को रोजगार दिलवाने के उद्देश्य से यह राज्य सरकार की ठोस पहल है।


अशोक मनवानी


Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here