ललितपुर। नगर पालिका परिषद के खुले वाहन ही शहर को गंदा करने का काम कर रहे हैं। सुबह होते ही खुली ट्रैक्टर ट्रालियों से कचरा उठाने का काम प्रारंभ हो जाता है, जो दोपहर तक चलता है। इनमें लदा कचरा जगह-जगह गिर जाता है। इससे शहर में साफ-सफाई नजर नहीं आती है।नगर पालिका परिषद शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए हर महीने लाखों रुपये सफाई पर खर्च करती है। इसके बाद भी शहर साफ- सुथरा नजर नहीं आता है। इसकी एक वजह कचरे को खुले वाहनों से ढोया जा रहा है। इसमें कई खस्ताहाल ट्रैक्टर- ट्राली भी हैं, जिनकी ट्रालियों में पीछे लोहे का फाटक नहीं लगा है। इतना ही नहीं, ऐसे वाहनों में ओवरलोड कचरा लाद लिया जाता है। ओवरलोड वाहन जिस रास्ते से होकर गुजरते हैं, उन जगहों पर कचरा गिरता जाता है। इस तरह सफाई कर्मियों की मेहनत पर पानी फिर जाता है।
नेशनल ग्रीन ट्रिव्यूनल ने खुले वाहनों से कचरा उठाने पर रोक लगा रखी है। इसके बाद भी पालिका द्वारा इस तरह वाहनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। पालिका के अफसर वाहनों की कमी को बताकर नियमों से पल्ला झाड़ लेते हैं। इस तरह शहर की व्यवस्था सवालों के घेरे में है।
नगर पालिका परिषद नए वाहनों को खरीद कर खजाना खाली करने में लगी है। यदि पालिका के अफसर चाहें तो पुराने वाहनों की मरम्मत कराकर उन्हें उपयोग में ले सकते हैं। यही नहीं, वे मरम्मत में ढके वाहन तैयार करा सकते हैं। इस तरह बची राशि का इस्तेमाल अन्य कार्यो पर कर सकते हैं।
– सोनल सिंघई
कोरोना वायरस को लेकर इस समय पूरी दुनिया में हड़कंप मचा है। देश में भी सावधानियां बरती जा रही हैं। नगर पालिका को भी ध्यान देने की आवश्यकता है। खुले वाहनों में लादा जा रहा कचरा लोगों को संक्रमित कर सकता है। पालिका को चाहिए कि वे ढके वाहनों से ही कचरा का उठान करें।
– राजीव हुंडैत
शहर में जगह-जगह कचरा उठाया जाता है। जब खुले वाहन में लदा कचरा आसपास से निकलता है तो वह दुर्गंध छोड़ता है। इससे संक्रमित होने का खतरा रहता है, साथ में प्रसन्नचित्त मन भी खराब हो जाता है। नगर पालिका को इस मामले को गंभीरता ले, जिससे ललितपुर को स्वच्छ व सुंदर बनाने की मंशा पूरी हो सके।
– महेंद्र सविता
शहर में कचरा उठाने के साथ नालियों की मरम्मत की बड़ी आवश्यकता है। कई मोहल्लों में नालियां क्षतिग्रस्त नजर आती हैं। यदि नालियों की नियमित सफाई होने के साथ ढके वाहनों से कचरा उठाया जाने लगे तो शहर को स्वच्छ बनाने में देर नहीं लगेगी।
– वासुदेव पटवा
एनजीटी ने खुले वाहनों से कचरा के उठान पर रोक लगाई है। इसके अनुपालन में पालिका द्वारा कार्रवाई की जा रही है। शीघ्र ही बंद वाहनों से कचरा उठाने की व्यवस्था की जाएगी।
– डा. संजय कुमार मिश्र, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद