शिवपुरी -400 मीटर रिले रेस में जबलपुर अव्वल, ग्वालियर दूसरे स्थान परउज्जैन के खिलाड़ियों का कई स्पर्धाओं में दबदबा, आज सुबह 11 बजे होगा 70वीं राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का समापनशिवपुरी शहर के श्रीमंत माधवराव सिंधिया खेल परिसर में आयोजित 70वीं राज्य स्तरीय शालेय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के अंतिम मुकाबलों में शनिवार को खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। बालक वर्ग की 400 मीटर रिले रेस में जबलपुर ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि उज्जैन के खिलाड़ियों ने कई स्पर्धाओं में बाजी मारी। पांच दिवसीय प्रतियोगिता का समापन रविवार सुबह 11 बजे पुरस्कार वितरण समारोह के साथ होगा।बालक वर्ग की 400 मीटर रिले रेस में जबलपुर की टीम ने 45.95 सेकंड में दौड़ पूरी कर पहला स्थान प्राप्त किया। ग्वालियर की टीम 46.45 सेकंड के समय के साथ दूसरे और उज्जैन की टीम 45.99 सेकंड में दौड़ पूरी कर तीसरे स्थान पर रही। जबलपुर की टीम में बृजेश धुर्वे, केशव केसरी, हिमांशु कुमार और आयुष लोधी शामिल रहे, जबकि ग्वालियर की ओर से डी. रघुवंशी, मोहित कुशवाह, शुभम दांगी और नरोत्तम तोमर ने हिस्सा लिया।अंतिम दिन आधा दर्जन से अधिक स्पर्धाओं के फाइनल मुकाबले हुए। बालक पोल वॉल्ट में उज्जैन के सौरभ प्रथम और कृष्णा मीणा द्वितीय रहे। बालिका ट्रिपल जंप में उज्जैन की वैशाली ने पहला और ग्वालियर की आसी कसेरा ने दूसरा स्थान हासिल किया। बालिका 200 मीटर दौड़ में उज्जैन की मनस्वी तिवारी विजेता बनीं, जबकि रीवा की स्नेहा यादव दूसरे और इंदौर की निहारिका उपाध्याय तीसरे स्थान पर रहीं। बालक 200 मीटर दौड़ में उज्जैन के हर्ष माहेश्वरी पहले, ग्वालियर के शुभम दांगी दूसरे और बबलू जमरा तीसरे स्थान पर रहे।बालिका शॉटपुट में इंदौर की दामिनी यादव प्रथम और भोपाल की अनंता चौहान द्वितीय रहीं। बालक शॉटपुट में रीवा के संयोग पाठक ने पहला स्थान हासिल किया। 3000 मीटर बालिका दौड़ में जबलपुर की अनुश्री और बालक वर्ग में सागर के रुद्रांक्ष कुर्मी विजेता बने।मीडिया प्रभारी नीरज सरैया ने बताया कि रविवार को समापन समारोह में विजेता खिलाड़ियों, कोच, मैनेजर और आयोजन समितियों के सदस्यों को सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता जिला शिक्षा अधिकारी आकाश सिंह यादव के निर्देशन और जिला क्रीड़ा अधिकारी चंद्रशेखर बेमटे के मार्गदर्शन में आयोजित हुई।


