सागर मोतीनगर थाना क्षेत्र के विवेकानंद वार्ड अंतर्गत मच्छरयाई इलाके में गुरुवार रात गैंगवार के दौरान एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोपी के रिकॉर्डशुदा बदमाश होने की बात सामने आ रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
क्या हुआ था:
पुलिस के अनुसार गुरुवार रात करीब 11 बजे गयादीन तिराहे के आगे मयंक साहू और यश सोनी के बीच विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों में पिछले कई दिनों से रंजिश चल रही थी। विवाद बढ़ने पर यश सोनी ने मयंक पर कट्टे से फायर कर दिया। गोली मयंक के चेहरे पर नाक के पास लगी। घायल मयंक को गंभीर हालत में भाग्योदय अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यश के साथ कुछ और बदमाश भी मौजूद थे।
दोनों पक्षों पर पहले से केस:
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक मृतक मयंक साहू और आरोपी यश सोनी दोनों के खिलाफ पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस की कार्रवाई:
वारदात की सूचना मिलते ही मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत राजपूत और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल दो टीमें बनाकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
थाना प्रभारी पर उठ रहे सवाल:
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि मोतीनगर थाना क्षेत्र में पिछले 2 साल से अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। थाना प्रभारी जसवंत राजपूत पर क्षेत्र में बढ़ते अपराधों को न रोक पाने के आरोप लग रहे हैं। गौरतलब है कि एक दिन पहले ही इसी थाना क्षेत्र में एक युवक परिवार सहित टावर पर चढ़ गया था। थाना प्रभारी पर पूर्व में लेनदेन के आरोप भी लग चुके हैं।
पुलिस का बयान:
मोतीनगर पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।


