रिपोर्ट: कविता कुशवाहा
Ambikapur Rape Case: छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर से मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक महिला की रेप के बाद हत्या कर दी गई. पहचान छिपाने के लिए उसका सिर कुचल दिया गया है और उसके साथ बर्बरता की गई. बीते 3 अप्रैल की सुबह महामाया प्रवेश द्वार के पास रिंग रोड किनारे स्थित झोपड़ीनुमा मटन की दुकान के समीप महिला का शव खून से लथपथ पड़ा मिला था.
स्थानीय लोगों ने शव देखकर तुरंत कोतवाली पुलिस को सूचना दी. पुलिस पहुंची तो शव की हालत देखकर सब दंग रह गए. महिला का सिर पत्थर से कुचला हुआ था, चेहरे पर गंभीर चोट के निशान थे. पोस्टमार्टम के बाद तो जो रिपोर्ट सामने आई उसने पूरे इलाके को सन्न कर दिया. महिला के दरिंदगी हदें पार की गई थी. महिला के प्राइवेट पार्ट में प्लास्टिक की बोतल भी मिली. घटना ने दिल्ली के निर्भया कांड की याद दिला दी. आरोपी फरार है.
12 पसलियां टूटी थीं
फोरेंसिक एक्सपर्ट डॉ. सेंटो बाग के अनुसार, मृतका की छाती की दोनों तरफ की 12 पसलियां टूट गई थीं. सिर की हड्डी फ्रैक्चर हो गई थी. गले पर दबाने के निशान थे. महिला का फेफड़ा और दिल फट गया था. सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि महिला के प्राइवेट पार्ट में प्लास्टिक की बोतल डाली गई थी. ऐसे संकेत मिले कि आरोपी ने पहले महिला के साथ दुष्कर्म किया और फिर बर्बर तरीके से उसकी हत्या कर दी. एक्सपर्ट का दावा है कि दुष्कर्म में एक से अधिक लोग भी हो सकते हैं. फिलहाल, बिसरा प्रिजर्व कर लिया गया है.
प्रेमी के साथ घूमती थी महिला!
45 वर्षीय मृतका की पहचान हो चुकी है. करीब 10 साल पहले उसके पति की मौत हो गई थी. इसके बाद वह घर छोड़कर अलग रहने लगी थी. अंबिकापुर के गंगापुर इलाके में उसका किराए का घर है, जहां 25 वर्षीय बेटा रहता है. महिला दो-दो महीने तक घर नहीं जाती थी. जब भी वह घर आती, तब उसके साथ उसका प्रेमी भी रहता था. प्रेमी खुद को ‘पुष्पा’ बताता था और अजीबोगरीब हरकतें करता था. दोनों नशे में रहते थे और कबाड़ बीनने का काम करते थे. इसी वजह से महिला का बेटा भी उससे संबंध नहीं रखता था.
घटना के पहले आरोपी संग दिखी थी महिला
पुलिस जांच में बड़ा खुलासा हुआ है. वारदात से ठीक पहले का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें महिला आरोपी के साथ शराब के नशे में धुत हालत में चलते हुए दिख रही है. आरोपी की पहचान मिथुन उर्फ पंडा के रूप में हुई है.
रेलवे स्टेशन पर दिखा आरोपी
घटना के अगले दिन यानी शनिवार सुबह 10:28 बजे आरोपी अंबिकापुर रेलवे स्टेशन पर घूमता हुआ सीसीटीवी में कैद हुआ. रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर वह घूमता नजर आ रहा है. साइबर टीम सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी का लगातार पीछा कर रही है. आशंका है कि वह ट्रेन पकड़कर कहीं फरार हो गया हो सकता है. पुलिस ने पड़ोसी जिलों सूरजपुर और कोरिया में भी उसके फोटो भेजकर अलर्ट जारी कर दिया है.
दिल्ली के निर्भया कांड जैसी घटना
इस मामले में पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है. उन्होंने लिखा, ‘अंबिकापुर की एक बेटी के साथ दुष्कर्म और उसकी निर्मम हत्या कर दी गई. यह हैवानियत दिल्ली के निर्भया कांड की तरह दिल दहला देने वाली है. जब शहर का सबसे व्यस्त इलाका भी सुरक्षित नहीं, तो यह सरकार आखिर किस बात का शासन चला रही है? व्यक्तिगत राय में, ऐसे जघन्य अपराधों के लिए मृत्युदंड दिया जाना चाहिए’.
कड़ी से कड़ी सजा दिलाएंगे
घटना को लेकर डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा, पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी है. आरोपी शीघ्र पकड़ा जाएगा और कड़ी कार्रवाई की जाएगी. टीएस सिंहदेव के बयान पर उन्होंने जोर दिया कि दंड देने का अधिकार न्यायालय का है. सरकार न्यायालय में जाकर कड़ी से कड़ी सजा की मांग करेगी और फांसी की सजा दिलाने का प्रयास करेगी.
अंबिकापुर पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है. फोरेंसिक रिपोर्ट, सीसीटीवी फुटेज और गवाहों के बयानों के आधार पर आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया गया है. इस निर्भया स्टाइल की घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.
Source link


