सुकमा को CM भूपेश बघेल ने दी 225 करोड़ की सौगात, फिर जिम में जाकर दिखाया दम

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सुकमा की व्यायामशाला में हाथ आजमाया.

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सुकमा की व्यायामशाला में हाथ आजमाया.

सुकमा जिले के दौरे पर आए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने स्कूल और लाइब्रेरी के नए भवनों का लोकार्पण किया. किसान आंदोलन के मामले को लेकर भाजपा पर राजनीति करने का लगाया आरोप.

सुकमा. प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने एक दिवसीय प्रवास के दौरान सुकमावासियों को 225 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात दी. इसके साथ ही 65 लाख 74 हजार हितग्राहियों को राशि वितरण किया. इस मौके पर सीएम ने कहा कि नक्सलवाद को लेकर उनकी सरकार की रणनीति विकास, विश्वास व सुरक्षा है, इसलिए किसानों के ऋण माफी, धान व लघु वनोपज खरीदी, वन अधिकार पट्टा देकर आदिवासियों का विश्वास जीतने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने कहा कि सुकमा जिले में पहली बार सारी पंचायतों में चुनाव हुए हैं. सुरक्षा मिनपा की जगह पहली बार तिरंगा फहराया गया, यह बड़ी उपलब्धि है.

बीते सोमवार को कुम्माहरास हेलीपैड पर आने के बाद मंत्री कवासी लखमा, प्रभारी मंत्री जयसिंह अग्रवाल, प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम व सांसद दीपक बैज के साथ सीएम सुकमा पहुंचे. यहां से वह अंग्रेजी माध्यम स्कूल पहुंचे, जहां स्कूल भवन का लोकार्पण किया और बच्चों से बातें की. बघेल ने इसके बाद लाइब्रेरी का भी लोकार्पण किया और फिर व्यायामशाला पहुंचकर वहां रखे उपकरणों पर हाथ आजमाया.

सुकमा दौरे पर आए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आदिवासियों की रिहाई को लेकर भी बातें की. उन्होंने कहा कि कुछ तकनीकि रुकावट आ गई है, लेकिन हमारी बैठकें हो रही हैं. सरकार लगातार प्रयास कर रही है कि जेलों में बंद निर्दोष आदिवासियों की रिहाई जल्द से जल्द कराई जाए. किसान आंदोलन के मामले पर भी सीएम ने अपनी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि किसानों को लेकर भाजपा दोगली राजनीति कर रही है. एक तरफ भाजपा के नेता हमारी योजनाओं का लाभ ले रहे हैं और दूसरी तरफ धान खरीदी पर सवाल खड़े कर रहे हैं. केन्द्र की मोदी सरकार कहती है कि कर्जा लो और प्रदेश में भाजपा के नेता कह रहे हैं कि कर्जा क्यों ले रही है सरकार. उन्होंने कहा कि सुकमा जिले के विकास में पैसों की कमी नहीं आएगी. शिक्षा, स्वास्थ्य के क्षेत्र में काम किया जाएगा.







Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here