याद दिलाया 1962 का युद्ध, बोले- राजीव गांधी के समय पिद्दी-पिद्दी देश भी हमें डराते थे
भोपाल: मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राहुल गांधी के उस बयान पर पलटवार किया है, जिसमें राहुल ने अरुणाचलप्रदेश में भारतीय सैनिकों के पिटने की बात कही थी। राहुल के बयान से सियासी पारा चढ़ गया है। कटनी में भाजपा की कार्यसमिति की बैठक में शामिल होने पहुंचे शिवराज ने राहुल को चीन के खिलाफ 1962 की लड़ाई याद दिलाते हुए तंज भी कसा।
राहुल पर क्या बोले शिवराज ?
सीएम शिवराज ने कहा- “मैं राहुल गांधी से पहले पूंछना चाहता हूं, 1962 भी याद कर लो राहुल गांधी, तब देश की हालत क्या था? चीन ने कितने भू-भाग पर कब्जा किया था? “
सीएम शिवराज यहीं नहीं रुके राजीव गांधी के कार्यकाल को याद दिलाते हुए उन्होंने कहा- “जब राजीव जी प्रधानमंत्री थे, तो पिद्दी-पिद्दी से देश हमें डराते थे, आज भारत के प्रधानमंत्री श्रीमान नरेंद्र मोदी जी हैं, एक गौरवशाली, वैभवशाली, संपन्न, समृद्ध और शक्तिशाली भारत का निर्माण उनके नेतृत्व में हो रहा है। और अगर किसी ने आंख उठाकर हमारे देश की तरफ देखने की हिम्मत की, चीन ने हिम्मत की थी तो चीन के सैनिकों की गर्दन मरोड़कर वापस चीन की सीमा में फेंका था हमारी सेना ने। हमारी सेना का अपमान न करें, केवल बातें न करें, अब भारत की तरफ कोई आंख उठाकर नहीं देख सकता।”
राहुल ने किया सेना का अपमान!
भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने राजस्थान में प्रेस को संबोधित करते हुए कहा कि “चीन ने भारत के दो हज़ार वर्ग किलोमीटर इलाक़े पर कब्ज़ा किया हुआ है, वो भारत के 20 जवानों को शहीद कर चुका है और अरुणाचल प्रदेश में भारतीय सेना के जवानों को पीट रहा है, मैंने कहा था कि भारत की प्रेस मुझसे इस बारे में सवाल नहीं करेगी और मेरी बात सच थी।”
राहुल गांधी ने कहा, “चीन हमारे ख़िलाफ़ युद्ध की तैयारी कर रहा है लेकिन हमारी सरकार इस बात को स्वीकार करने को तैयार नहीं है, वो सच्चाई छिपा रही है।”


