- वेणुगोपाल बोले- BJP ने इस अमानवीय घटना को सांप्रदायिक रंग दिया
- हथिनी की मौत को लेकर BJP सांसद मेनका ने राहुल पर दागे थे सवाल
केरल में गर्भवती हथिनी की मौत को लेकर सियासत तेज हो गई है. भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के हमले पर कांग्रेस के महासचिव के. सी. वेणुगोपाल ने पलटवार किया है. उन्होंने कहा कि हथिनी की मौत को भारतीय जनता पार्टी ने सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश की है, जिसके लिए उसको बिना किसी शर्त के सार्वजनिक रूप से माफी मांगी चाहिए.
कांग्रेस नेता वेणुगोपाल ने कहा कि केरल के पलक्कड़ जिले में गर्भवती हथिनी को अनानास में पटाखे भरकर खिलाया गया, जिससे उसकी मौत हो गई. यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण, अमानवीय और क्रूर है. गर्भवती हथिनी को अनानास में पटाखे भरकर खिलाने से हुई मौत की दुनियाभर में आलोचना हो रही है.
उन्होंने कहा कि वन्य जीवों के खिलाफ किसी भी तरह की नासमझी और अनुचित हिंसा पूरी तरह से अस्वीकार्य है. हालांकि केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर और पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी जैसे भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना को लेकर जानबूझकर गलत जानकारी फैला रहे हैं.
इसे भी पढ़ेंः हथिनी के हत्यारों की सूचना देने पर वाइल्डलाइफ SOS की ओर से मिलेंगे 1 लाख रुपये
भारतीय जनता पार्टी और उनके मंत्रियों पर निशाना साधते हुए कांग्रेस नेता वेणुगोपाल ने कहा कि यह घटना पलक्कड जिले की है, लेकिन बीजेपी के मंत्री और राइट विंग ट्रोल्स इसको पड़ोसी मल्लापुरम जिले से जोड़ रहे हैं. ये लोग जानबूझकर सांप्रदायिकता से प्रेरित झूठी जानकारी फैला रहे हैं. इन लोगों ने बिना किसी कनेक्शन के इस मामले में राहुल गांधी का नाम घसीटा है. इस प्रोपेगेंडा से एक बार फिर साबित हो गया है कि बीजेपी अपनी विभाजनकारी राजनीति के लिए किसी भी स्तर तक जा सकती है.
इसे भी पढ़ेंः केरल में एक और हथिनी की मौत, जबड़े में फ्रैक्चर, पटाखे खाने की आशंका
बीजेपी पर तीखा पलटवार करते हुए वेणुगोपाल ने कहा कि इस घटना को लेकर बीजेपी घड़ियाली आंसू बहा रही है, लेकिन विभाजनकारी प्रोपेगेंडा ने बीजेपी के पाखंड को उजागर कर दिया है.
बीजेपी सांसद मेनका गांधी ने क्या कहा था?
इससे पहले बीजेपी सांसद मेनका गांधी ने गर्भवती हथिनी की मौत पर केरल के वायनाड से सांसद राहुल गांधी पर सवाल उठाए थे. पहली बार अपने भतीजे राहुल गांधी पर सवाल उठाते हुए मेनका गांधी ने पूछा कि इस घटना पर कोई कार्रवाई क्यों नहीं की गई? मेनका गांधी ने कहा कि राहुल गांधी ने खुद वायनाड क्षेत्र चुना था और आराम से जीत कर आए. अब वो अपने क्षेत्र को पहले ठीक करें. उन्होंने पूछा कि राहुल गांधी उसी इलाके से आते हैं, लेकिन अभी तक हथिनी की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कोई एक्शन क्यों नहीं लिया?
जावड़ेकर बोले- सख्त कार्रवाई होगी
इसके अलावा केंद्रीय पर्यावरण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने गर्भवती हथिनी की मौत पर एक रिपोर्ट मांगी है. जावड़ेकर ने कहा, ‘पर्यावरण मंत्रालय ने केरल में गर्भवती हथिनी की मौत को गंभीरता से लिया है. इस घटना पर एक पूरी रिपोर्ट मांगी गई है. दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.’

