हिमाचल में हिली कांग्रेस: अपनों से ही परेशान देश की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी, कांग्रेस अध्यक्ष ने थामा भाजपा का दामन

नई दिल्ली, ब्यूरो। कांग्रेस में भितरघातियों से होने वाले हमले रूकने का नाम ही नहीं ले रहे हैं। राजस्थान में चल रहे पॉलिटिकल नाटक के बाद अब कांग्रेस हिमाचल में हिलती हुई नजर आ रही है। ऐसा तब हो रहा है जबकि प्रदेश में इस वर्ष के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। कांग्रेस की हिमाचल प्रदेश इकाई के कार्यकारी अध्यक्ष हर्ष महाजन ने बुधवार को कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया। नए घटनाक्रम में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े की मौजूदगी में हर्ष ने भाजपा मुख्यालय में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। साल 2022 के अंत में हिमाचल प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले कार्यकारी अध्यक्ष का भाजपा में शामिल होना कांग्रेस में बड़ी फूट की ओर इशारा करता है। बताया जा रहा है कि महाजन को इस साल मई में प्रदेश कांग्रेस समिति का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था।
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि महाजन ने जो विश्वास जताया कि हिमाचल प्रदेश में फिर से भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि पहाड़ी राज्यों को लेकर पहले यह धारणा थी कि जो पार्टी सत्ता में है वह दोबारा सरकार नहीं बनाती है लेकिन हाल में उत्तराखंड में भाजपा ने इस मिथक को तोड़ा है। भाजपा में शामिल होते ही महाजन ने भी कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होने कहा कि जब तक वीरभद्र सिंह थे तब तक वहां कांग्रेस थी, लेकिन हिमाचल प्रदेश में आज कांग्रेस दिशाहीन और नेतृत्वविहीन हो गई है। उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस में ना लीडर (नेता) हैं, ना ही विजन(दृष्टिकोण) है. बस, मां-बेटे का राज है। वहीं भाजपा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास कर रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here