महासमुंद में हीरे की तस्करी करते दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है.
छत्तीसगढ़ के महासमुंद की बागबाहरा पुलिस और सायबर सेल की टीम बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 अन्तर्राज्यीय हीरा तस्करों को 477 नग हीरे के साथ गिरफ्तार किया है.
- Last Updated:
March 11, 2021, 9:21 AM IST
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि हीरे को गरियाबंद जिले के बेहराडेरा और पायलीखंड से लाकर महासमुंद जिले में खपाने की बात बताई है. मामले में बागबाहरा पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 41 (1 4) 379 के तहत कार्रवाई करने में जुटी हुई है. महासमुंद एसपी प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि, बुधवार को मुखबिर से सूचना मिली कि ओड़िसा क्षेत्र से ग्राम रेवा घाट से होकर दो व्यक्ति बहुमूल्य खनिज रत्न हीरा जैसे को लेकर बाइक से आने वाले हैं. सूचना को गंभीरता से लेते हुए, सायबर सेल की टीम और थाना बागबाहरा पुलिस की टीम को कार्रवाई करने निर्देशित किया गया. जिस पर संयुक्त टीम के द्वारा मुखबिर के निशानदेही पर मौका ग्राम रेवा ओडिशा बाॅर्डर दुर्गा मंदिर के पास पहुचे जहां दो संदिग्ध व्यक्ति दिखे. उन्हें पूछताछ के लिए रोकने पर वे लोग पुलिस को देखकर भागने लगे.
पुलिस टीम ने पीछा करके पकड़ लिया, उन्हें रोककर उनसे पूछताछ करने पर अपना नाम फकीर मेहेर (46) भालूमुंडा, बलांगीर ओड़िसा, दिब्यरंजन बेहरा (30) थाना जोक जिला नुवापड़ा ओड़िसा निवासी हैं. पुलिस पूछताछ में उसने गोल मोल जवाब दिया. इस पर संदिग्धों से सख्ती से पूछताछ की गई और तलाशी ली गई तो दोनों के पैंट की जेब चेक किया गया तो बहुमूल्य खनिज रत्न हीरा जैसा 477 नग छोटे बडे आकार के वजनी 219.4 कैरेट मिला है. हीरा के संबंध में कोई दस्तावेज नही दिखा पाए, जिसके बाद पुलिस को शक हुआ और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. आरोपियों ने बताया कि वह गरियाबंद जिले के बेहराडीह, पायलीखंड क्षेत्रों से बहुमूल्य रत्न हीरा लाकर महासमुंद जिले में ग्राहक की तलाश में आए थे.
आरोपियों ने बताया कि इससे पहले भी वह हीरे का तस्करी कर चुके हैं. बता दें कि महासमुंद में लगातार हीरा व अन्य बहुमूल्य रत्न की तस्करी करने वालों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है. लेकिन ये अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई है. इस प्रकार का हीरा गरियाबंद जिले के देवभोग क्षेत्र के पायलीखंड खदान से उत्खनन किया जाता है, जिसे चोरी कर लोगों द्वारा बेचा जाता है. जिसकी मुम्बई और सूरत के मार्केट में बहुत डिमाॅड है, इसे तराशने के बाद इसकी कीमत और भी कई गुना बढ़ जाती है.

