महिला आयोग के सामने 20 साल पहले बच्चा बदलने की शिकायत आई. (प्रतीकात्मक तस्वीर)
छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले (Jashpur) में राज्य महिला आयोग की जनसुनवाई के दौरान आई अनोखी शिकायत. 20 साल पहले बच्चा बदलने की शिकायत लेकर पहुंचे मां-बाप.
जशपुर में महिला आयोग की जनसुनवाई में एक विशेष केस की अलग से सुनवाई की गई. दरअसल, आयोग के सामने एक पीड़ित पक्ष पहुंचा, जिसने एक अस्पताल में 20 साल पहले बच्चा बदलने की शिकायत की थी. पीड़ित पक्ष का कहना था कि 20 साल पहले हुई डिलीवरी में उनका पुत्र पैदा हुआ था, लेकिन अस्पताल में उन्हें मरी हुई बेटी दे दी गई. पीड़ित पक्ष को बाद में पता चला कि एक गांव में उनका बच्चा कुलदीप नाम से पल रहा है. वह बेटा अब 20 साल का हो गया है. पीड़ित पक्ष का दावा है कि उनके पुत्र का व्यवहार और शक्ल-सूरत माता-पिता के समान है.
बच्चा बदलने की इस शिकायत के बाद महिला आयोग ने पूरे मामले की गहनता से जांच के आदेश दिए हैं. राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष किरणमयी नायक ने मामले में डीएनए टेस्ट के आदेश दिए हैं. जनसुनवाई के दौरान छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक ने जशपुर जिले की महिलाओं संबंधित कई प्रकरणों की सुनवाई की. उन्होंने सुनवाई के लिए उपस्थित सभी पक्षकारों से चर्चा कर संबंधित प्रकरणों के स्थिति के संबंध में पूछताछ भी की. बताया गया कि आयोग ने 19 प्रकरणों की सुनवाई की. महिला आयोग की अध्यक्ष ने जनसुनवाई में आए सभी मामलों के जल्द निराकरण की बात कही है.