जिले के बंडोल थाना अंतर्गत आने वाले जमुनिया ग्राम के समीप खेत मे काम करने गए 3 लोगों की आसमानी बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। और 4 लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार जमुनिया ग्राम निवासी कुछ लोग खेत मे काम करने गए हुए थे। जहां शाम 5:30 बजे अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। और बारिश के साथ असमान में जोरदार बिजली कड़की और खेत मे काम कर रहे लोगों के ऊपर गिर गई। इस हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई। तथा 4 लोग घायल हो गए। घटना की जानकारी प्रत्यक्ष दर्शियों ने बंडोल पुलिस और 108 वाहन में दी। जिसके बाद मृतकों व घायलों को अस्पताल लाया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतकों के शव का पंचनामा बनाकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। और घायलों का इलाज किया जा रहा है। मृतकों में राजाराम जंघेला पिता रामस्वरुप जंघेला उम्र 32 वर्ष निवासी बकोड़ी, मंगल जंघेला पिता क्रेजी जंघेला उम्र 36 वर्ष निवासी बकोड़ी, मदन जंघेला पिता भीकम जंघेला उम्र 42 वर्ष निवासी बकोड़ी। घायलो के नाम पिंकी पति मंगल जंघेला उम्र 24 वर्ष निवासी बकोड़ी, प्रीति पति मदन जंघेला उम्र 30 वर्ष निवासी बकोड़ी, मौसम पति रामभवन जंघेला उम्र 35 वर्ष निवासी बकोड़ी, रीना पति राजाराम जंघेला उम्र 28 वर्ष निवासी बकोडी़ के नाम शामिल हैं। बंडोल थाना प्रभारी राजेश कुमार दुबे ने बताया कि जानकारी मिली थी कि जमुनिया ग्राम में खेत पर कुछ लोग काम कर रहे थे जो आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए जिनमे से 3 की मौत हो गई। और 4 घायल हो गए हैं। ये सभी लोग खेत मे पत्थर बीनने गए हुए थे और हादसे का शिकार हो गए। फिलहाल घटनाक्रम की जांच की जा रही है। जिला प्रशासन लोगो से अपील कर रहा है कि मौसम घराब हो और पानी गिर रहा हो तो सावधानी बरतें। और सुरक्षित स्थान पर चले जाएं।


