‘नायक’ की तर्ज पर 18 वर्षीय छात्र बना एक दिन का MLA, ₹1 करोड़ के विकास कार्यों का किया भूमिपूजन-लोकार्पण

उज्जैन, मध्य प्रदेश: उज्जैन जिले के नागदा में एक अनूठा और प्रेरक प्रयोग देखने को मिला, जहाँ कक्षा 12वीं के टॉपर साहित्य श्री सेन को एक दिन का विधायक बनाया गया। इस दौरान 18 वर्षीय इस छात्र ने न सिर्फ जनसुनवाई में एक छात्रा की समस्या का तुरंत समाधान किया, बल्कि ₹1 करोड़ से अधिक की लागत वाले विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण भी किया।

शिक्षा को प्रोत्साहन देने की अनूठी पहल

यह अभिनव कदम दरअसल ‘नायक’ फिल्म से प्रेरित है। नागदा के विधायक तेज बहादुर सिंह चौहान ने शिक्षा के क्षेत्र में छात्रों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से यह पहल की। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी प्रदेश में 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं में टॉप करने वाले छात्रों को विधायक बनने का ऐसा मौका मिलेगा।साहित्य श्री सेन ने इस साल कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा में 96.20% अंक प्राप्त कर प्रदेश की मेरिट लिस्ट में 10वां स्थान हासिल किया था। उज्जैन जिले और नागदा में प्रथम स्थान पर रहने के बाद जब वह शुक्रवार को एक दिन का विधायक बना, तो उसके स्वागत में लोग उमड़ पड़े। उसे पूरी तरह से विधायक जैसा प्रोटोकॉल मिला, जिससे हर कोई हैरान रह गया।

जनता की समस्याएँ सुनीं और तत्काल समाधान कराया

अपने कार्यकाल की शुरुआत करते हुए, साहित्य ने सबसे पहले नागदा के वर्तमान विधायक तेज बहादुर सिंह चौहान के कार्यालय में पहुंचकर जनसुनवाई की। इस दौरान पूजा नामक एक छात्रा ने अपनी समस्या रखी, जिसका साहित्य ने तत्काल बीआरसी (ब्लॉक रिसोर्स कोऑर्डिनेटर) को फोन कर समाधान करवाया। उसने आधार कार्ड से जुड़ी कुछ अन्य शिकायतों को भी गंभीरता से सुना और निपटाया।ग्राम पंचायत बैरछा में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में, एक दिन के विधायक साहित्य सेन ने करीब एक करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। इन कार्यों में सीसी रोड, स्वास्थ्य केंद्र और प्रधानमंत्री आवास योजना के मकान शामिल थे।

शिलालेख पर दर्ज हुआ छात्र का नाम

कार्यक्रम में साहित्य का स्वागत फूल-मालाओं के साथ ठीक एक विधायक की तरह किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना के मकान का लोकार्पण भी उसी के हाथों संपन्न हुआ। इस अवसर पर उसके पिता देवेंद्र सेन और कई अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित थे। साहित्य के सम्मान में, इन सभी विकास कार्यों के शिलालेख पर भी उसका नाम दर्ज किया गया, जो उसकी इस असाधारण उपलब्धि को हमेशा के लिए यादगार बना देगा।

बाइट: * साहित्य श्री सेन – एक दिन का विधायक बना छात्र

* चेतना सेन – छात्र की माता *

तेज बहादुर सिंह – भाजपा विधायक

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here