छतरपुर। मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले में गुरुवार को नेशनल हाईवे-86 पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मातगुवां थाना क्षेत्र के बुन्देला ढाबा के पास तेज रफ्तार कार ने एक बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बाइक सवार को करीब 50 मीटर तक घसीटते हुए ले गई। इसके बाद अनियंत्रित बाइक सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे का वीडियो भी सामने आया है, जो घटना की भयावहता को दर्शाता है।जानकारी के मुताबिक, हादसे में बाइक सवार शंकर यादव (20) पिता मुन्ना यादव, निवासी नंदगांव गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर के दौरान उसका सिर फूट गया और घसीटे जाने की वजह से उसके घुटने व शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।बताया जा रहा है कि शंकर अपनी बाइक से कहीं जा रहा था, तभी पीछे से तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के समय आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायल युवक को संभाला और उसे अस्पताल भिजवाया। फिलहाल युवक का उपचार जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।घटना के बाद कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। मामले को लेकर मातगुवां पुलिस ने बताया कि अज्ञात कार चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि वाहन की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी चालक की तलाश जारी है और उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।सड़क पर तेज रफ्तार और लापरवाही एक बार फिर जानलेवा साबित हुई है। स्थानीय लोगों ने इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

