छतरपुर शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत महल रोड स्थित बालाजी मंदिर के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक वृद्ध व्यक्ति को पैदल चलते अचानक साइलेंट अटैक आ गया। अटैक आते ही बुजुर्ग बदहाल अवस्था में सड़क पर गिर पड़े।
घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए वहां मौजूद अभिषेक कुशवाहा ने सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए तुरंत CPR देना शुरू किया। कुछ ही देर में बुजुर्ग की हालत में सुधार आने लगा, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई।
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें अभिषेक कुशवाहा की जागरूकता और साहस की लोग सराहना कर रहे हैं। प्राथमिक उपचार के बाद बुजुर्ग व्यक्ति को इलाज के लिए जिला अस्पताल छतरपुर भेजा गया, जहां डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि समय पर CPR मिलना बुजुर्ग के लिए जीवन रक्षक साबित हुआ। यह घटना आम नागरिकों को प्राथमिक चिकित्सा और CPR जैसी जीवन रक्षक तकनीकों के प्रति जागरूक होने का संदेश देती है।


