रीवा जिले के चाकघाट के मुख्य बाजार में मंगलवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब गोलू फर्नीचर की दुकान में भीषण आग लग गई। लकड़ी, प्लाई, फोम और पेंट से भरी दुकान में आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया।ऊंची-ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार देखकर पूरे बाजार में अफरा-तफरी फैल गई। व्यापारियों ने दुकानें बंद कर सामान बाहर निकालना शुरू कर दिया।
बताया जा रहा है कि, दोपहर में गोदाम से धुआं उठने के बाद आग ने विकराल रूप ले लिया, फर्नीचर और अन्य ज्वलनशील पदार्थों की अधिकता के कारण आग तेजी से फैल गई। स्थानीय व्यापारियों और लोगों द्वारा चाकघाट थाने, त्योंथर एसडीएम और रीवा फायर कंट्रोल को सूचना दिए जाने के बावजूद, काफी देर तक मौके पर दमकल की गाड़ी नहीं पहुंची।
स्थानीय लोग खुद बाल्टी, पाइप और रेत की मदद से आग बुझाने की कोशिश करते रहे। फिलहाल पुलिस के साथ ही फायर बिग्रेड की टीम भी मौके पर पहुंच गई है, और आग बुझाने का प्रयास किया जा रहा है। अभी किसी भी तरह की जनहानि की कोई खबर नहीं है।बाइट: भावना मरावी, एडिशनल एसपी


