छतरपुर/पन्ना। पन्ना जिले के सिमरिया तहसील अंतर्गत ग्राम दानवरा के निवासी और सेना में सूबेदार पद पर पदस्थ पुष्पेंद्र कुमार तिवारी अपनी सामाजिक पहल से मिसाल बन गए हैं। वे बेटी जन्म लेने पर माताओं को 5 हजार रुपये और कक्षा 10वीं-12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को 10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित करते हैं।
बागेश्वर धाम पीठाधीश पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने सूबेदार पुष्पेंद्र तिवारी की इस पहल की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए कहा कि “सैनिक वेतन के लिए नहीं, वतन के लिए नौकरी करता है।” उन्होंने कहा कि देश का तिरंगा सैनिकों की सांसों से लहराता है और सैनिक देश की आन-बान-शान के लिए अपने प्राण तक न्योछावर कर देता है।
बागेश्वर महाराज ने अपने मंच से बेटियों को जन्म देने वाली माताओं और मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया। जानकारी के अनुसार, सूबेदार तिवारी न केवल बेटियों के जन्म पर प्रोत्साहन राशि देते हैं, बल्कि 90 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थियों को खजुराहो से दिल्ली तक हवाई यात्रा भी कराते हैं। साथ ही सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता, मिनी मैराथन और समाज में बेहतर कार्य करने वाली महिलाओं को भी सम्मानित करते हैं।
कार्यक्रम में बेटियों की माताओं में सारथी दहायत, शान्वी सिंह और प्रीति आदिवासी को सम्मानित किया गया। वहीं 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में सचिन राजपूत, शिवाशी राजा और अनुभव राजा सहित अन्य छात्र-छात्राओं को सम्मान मिला। सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता और प्रेरणादायी कार्यों के लिए भी कई प्रतिभाओं को मंच से सम्मानित किया गया।
नवरात्रि के दौरान साधना में लीन रहने के बावजूद बागेश्वर महाराज ने अपना वचन निभाते हुए इस सम्मान समारोह में सहभागिता की। इसी क्रम में वे खजुराहो के पास स्थित सिद्ध स्थल त्रिलोखर धाम भी पहुंचे, जहां उन्होंने दर्शन कर श्रद्धालुओं से भेंट की और चूल्हे पर स्वयं चाय बनाकर अपनी सादगी का परिचय दिया।


