छतरपुर में जोरदार धमाका: सटई रोड और मौराहा में दहशत, आसमान में दिखा संदिग्ध “प्लेन”

छतरपुर। मध्यप्रदेश के छतरपुर शहर के सटई रोड इलाके में शनिवार को अचानक तेज धमाके की आवाज से हड़कंप मच गया। धमाके के बाद आसपास के घरों में कंपन महसूस किया गया और कई जगह धुआं फैलने की सूचना मिली, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना के वक्त ग्राम मौराहा के ग्रामीण खेतों में कटाई का काम कर रहे थे। ग्रामीणों के मुताबिक, इसी दौरान आसमान में तेज रफ्तार से एक “प्लेन” निकलता दिखाई दिया, जिसके साथ धुआं भी नजर आया। ग्रामीणों का दावा है कि यह विमान काफी नीचे, लगभग 30 से 40 फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था, जिससे वे घबरा गए।

वहीं सटई रोड क्षेत्र के निवासियों ने बताया कि धमाका इतना तेज था कि घरों के दरवाजे तक हिलने लगे और बाथरूम में रखा पानी तक उछल गया। इस घटना के बाद लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और इलाके में भीड़ जमा हो गई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं पहले भी दो बार हो चुकी हैं, लेकिन इस बार धमाके की तीव्रता ज्यादा थी, जिससे दहशत और बढ़ गई।इधर, कुछ लोगों के बीच आसमान में फाइटर जेट के गुजरने की चर्चा भी हो रही है, हालांकि प्रशासन या पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

बताया जा रहा है कि छतरपुर जिले के चंदला क्षेत्र में भी इसी तरह का माहौल देखने को मिला, जहां का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।फिलहाल घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की आवश्यकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here