आगर मालवा में शुक्रवार को उज्जैन रोड पर राधास्वामी सत्संग न्यास के पास एक दर्दनाक हादसा हो गया। नए एसपी कार्यालय की ओर जा रहीं दो महिला पुलिसकर्मियों की स्कूटी के सामने अचानक नीलगाय आ गई। जोरदार टक्कर के बाद स्कूटी सवार दोनों पुलिसकर्मी सड़क पर गिरकर घायल हो गईं।हादसे में आरक्षक वैशाली राठौर को गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार और सिटी स्कैन कराने पर डॉक्टरों ने उनकी नाजुक स्थिति और बेहोशी को देखते हुए इंदौर रेफर कर दिया। वहीं, हादसे में घायल एएसआई एम. दिव्या तोमर को मामूली चोटें आई हैं, जिनका जिला अस्पताल में इलाज जारी है और उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है।घटना की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसपी दिलीप सोनी, एडिशनल एसपी रवींद्र कुमार बोयट, एसडीओपी नीलम बघेल और थाना प्रभारी नागेश यादव तुरंत जिला अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों के स्वास्थ्य का हाल जाना और गंभीर रूप से घायल आरक्षक को त्वरित व बेहतर इलाज दिलाने के आवश्यक निर्देश दिए।


