ग्वालियर में लॉ छात्रा अपहरण मामला निकला प्रेम प्रसंग, प्रेमी जोड़े के वीडियो से हुआ खुलासा

ग्वालियर में बीते रोज सामने आया लॉ छात्रा के कथित अपहरण का मामला अब नया मोड़ ले चुका है। शुरुआती जांच में जिस घटना को दिनदहाड़े अपहरण माना जा रहा था, वह प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला निकला। प्रेमी जोड़े ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर पूरी घटना की सच्चाई बताई है।

वायरल वीडियो में युवक ने अपना नाम जीतू तोमर बताते हुए कहा कि वह ग्वालियर का रहने वाला है और उसके साथ बैठी युवती उसकी गर्लफ्रेंड खुशी जादौन है। युवक ने दावा किया कि दोनों के बीच पिछले ढाई साल से प्रेम संबंध हैं। उसने बताया कि करीब एक महीने पहले दोनों के बीच गलतफहमी हो गई थी, जिसके बाद उसने खुशी को मिलने बुलाया था। वीडियो में दोनों ने कहा कि वे अपनी मर्जी से साथ आए हैं और परिवार के लोग परेशान न हों, वे एक-दो दिन में घर लौट आएंगे।

दरअसल, बुधवार को महात्मा गांधी लॉ कॉलेज से दिनदहाड़े छात्रा के कथित अपहरण की खबर सामने आई थी। आरोप था कि कार सवार युवक छात्रा को जबरन अपने साथ ले गए। घटना के बाद शहर में सनसनी फैल गई थी और पुलिस ने नाकाबंदी कर आरोपियों व छात्रा की तलाश शुरू कर दी थी।पुलिस जांच में सामने आया था कि गुढ़ा निवासी जीतू तोमर छात्रा से एकतरफा प्यार करता था।

छात्रा ने पहले उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कराया था, जिसके बाद जीतू जेल भी गया था। जेल से छूटने के बाद उसी पर छात्रा के अपहरण का आरोप लगा था।गुरुवार दोपहर जीतू द्वारा जारी किए गए दो वीडियो में छात्रा उसके साथ बैठी दिखाई दी। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस अब पूरे मामले की जांच नए सिरे से कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here