ग्वालियर में शादी समारोह में दूल्हे ने की हर्ष फायरिंग, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक दूल्हे को अपनी शादी में ‘दबंगई’ दिखाना भारी पड़ सकता है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेज़ी से वायरल हो रहा है, जिसमें दूल्हा अपनी नई नवेली दुल्हन के साथ स्टेज पर खड़ा है। लेकिन हाथ में फूलों का गुलदस्ता नहीं, बल्कि बंदूक है।

मामला भितरवार के ब्रज वाटिका राधा-रानी मैरिज गार्डन का बताया जा रहा है। वीडियो में दूल्हा गगन रावत, दुल्हन मुस्कान के साथ स्टेज पर खड़ा होकर पंजाबी गानों की धुन पर एक के बाद एक कई राउंड हर्ष फायरिंग कर रहा है। रसूख दिखाने के चक्कर में कानून की धज्जियां कैसे उड़ाई जाती हैं, ये वीडियो उसका जीता जागता सबूत है। इतना ही नहीं, इस शादी में दिखावे का आलम यह था कि दूल्हा-दुल्हन की एंट्री भी फिल्मी स्टाइल में ट्रैक्टर पर हुई।

ये तमाम वीडियो गगन और मुस्कान रावत की इंस्टाग्राम आईडी पर अपलोड किए गए, जिसके बाद ये सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। ये हाल, तब है, जब हर्ष फायरिंग पर प्रतिबंधित है। बावजूद इसके सरेआम हुई है। इस घटना ने पुलिस प्रशासन को चुनौती दी है। वीडियो सामने आने के बाद भितरवार पुलिस हरकत में आ गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। अब देखना होगा कि सोशल मीडिया पर ‘दबंग’ बनने वाले इस दूल्हे पर पुलिस अब क्या एक्शन लेती है।

बाइट- सुधीर सिंह कुशवाह, थाना प्रभारी, भितरवार थाना, ग्वालियर

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here