राजगढ़/पचोर। राजगढ़ जिले के पचोर शहर में सोमवार को एक पेट्रोल पंप पर अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पेट्रोल पंप के साथ वहां खड़ा पेट्रोल टैंकर भी आग की चपेट में आ गया। हादसे में करीब 15 मोटरसाइकिलें जलकर राख हो गईं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग की शुरुआत एक उपभोक्ता की मोटरसाइकिल में आग लगने से हुई, जिसके बाद लपटें तेजी से फैलती चली गईं। पेट्रोल पंप पर मौजूद कर्मचारियों और लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई। घटना में तीन से चार कर्मचारी घायल बताए जा रहे हैं, जिनमें एक कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गया।
गंभीर हालत में उसे प्राथमिक उपचार के बाद राजगढ़ रेफर किया गया है।घटना की सूचना मिलते ही दमकल और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हादसे के दौरान क्षेत्र में दहशत का माहौल बना रहा और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।


