रेलवे स्टेशन से बाइक चोरी करने वाला गिरोह गिरफ्तार, 16 मोटरसाइकिल बरामद

नर्मदापुरम/इटारसी। इटारसी रेलवे स्टेशन परिसर में लगातार हो रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए जीआरपी पुलिस ने एक शातिर बाइक चोर गिरोह को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को पकड़कर उनके कब्जे से चोरी की 16 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनकी कीमत करीब 13 लाख 40 हजार रुपये बताई जा रही है।

जीआरपी थाना इटारसी के टीआई संजय चौकसे ने बताया कि रेलवे स्टेशन और रेलवे मालगोदाम क्षेत्र में खड़ी रेलवे कर्मचारियों की मोटरसाइकिलें लगातार चोरी हो रही थीं। बढ़ती घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम बनाकर आरोपियों को पकड़ने के लिए जाल बिछाया।

जांच के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों — कमल बामने, अभिषेक अहिरवार और बृजमोहन अहिरवार — को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने सुनसान स्थानों पर खड़ी मोटरसाइकिलों को निशाना बनाकर चोरी करना कबूल किया।

आरोपियों ने बताया कि वे सीसीटीवी कैमरों से बचते हुए हैंडल लॉक को झटके से तोड़कर मास्टर चाबी की मदद से बाइक स्टार्ट कर लेते थे। इसके बाद चोरी की गई मोटरसाइकिलों को सुरक्षित स्थानों पर छिपाकर मौका मिलने पर बेच दिया जाता था।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 16 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कर तीनों को इटारसी न्यायालय में पेश किया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here