छतरपुर में सड़क पर युवक की खतरनाक स्टंटबाजी, वायरल वीडियो ने उठाए सुरक्षा पर सवाल

छतरपुर में सड़क पर जानलेवा स्टंटबाजी का एक हैरान करने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक युवक व्यस्त सड़क पर बाइक चलाते समय खतरनाक स्टंट करता दिखाई दे रहा है। यह स्टंट उस मार्ग पर किया जा रहा है, जहां दिन-रात भारी वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। युवक नौगांव रोड स्थित बस स्टैंड क्षेत्र से बाइक पर खड़े होकर और मोबाइल पर गाना सुनते हुए लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाता नजर आ रहा है। हैरानी की बात यह है कि यह इलाका पुलिस की नियमित मौजूदगी वाला माना जाता है। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि यदि इस दौरान कोई बड़ा हादसा हो जाता, तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेता?

वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवक अपनी और अन्य राहगीरों की जान जोखिम में डालकर बाइक पर खड़े होकर स्टंट कर रहा है। सड़क पर लगातार वाहनों की आवाजाही के बावजूद वह बेखौफ होकर खतरनाक करतब दिखाता रहा। यातायात नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाने वाला यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की स्टंटबाजी न केवल स्टंट करने वाले युवक के लिए बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करती है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर संबंधित युवक की पहचान करने और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here