छतरपुर। बागेश्वर धाम में आयोजित सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स संवाद कार्यक्रम में Dhirendra Krishna Shastri ने देशभर के सनातन साइबर योद्धाओं और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने सनातन धर्म और भारतीय संस्कृति से जुड़े विषयों पर सकारात्मक एवं तथ्याधारित सामग्री प्रसारित करने का आह्वान किया।महाराज श्री ने कहा कि कुछ लोग सुनियोजित और प्रायोजित तरीके से सनातन परंपराओं को निशाना बना रहे हैं। ऐसे में सोशल मीडिया पर सक्रिय लोगों की जिम्मेदारी बढ़ जाती है कि वे सत्य और सकारात्मकता के साथ समाज को सही जानकारी दें। उन्होंने कहा कि व्यू, लाइक और शेयर की होड़ में सनातन धर्म और उसकी परंपराओं पर अनावश्यक हमले नहीं किए जाने चाहिए, क्योंकि छोटी सी चूक भी बड़े विवाद का कारण बन सकती है।उन्होंने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स से आग्रह किया कि वे सनातन धर्म की शिक्षाओं, सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक मूल्यों और प्रेरणादायक प्रसंगों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं। साथ ही ऐसे धार्मिक स्थलों और महापुरुषों के बारे में भी जानकारी साझा करें जो प्रचार-प्रसार से दूर हैं, लेकिन समाज को महत्वपूर्ण संदेश दे रहे हैं।संवाद के दौरान बागेश्वर महाराज ने बेटियों को भी विशेष रूप से सावधान रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर फर्जी पहचान, छद्म नाम या वेश बदलकर संपर्क करने वाले लोगों से सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध संदेश का जवाब न दें। उन्होंने युवतियों से जागरूक रहने और अन्य बेटियों को भी ऐसे मामलों में सतर्क करने का आह्वान किया।कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से आए सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, सनातन समर्थक युवा और श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। बागेश्वर महाराज ने सभी से समाज में सकारात्मक संवाद और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण के लिए मिलकर कार्य करने का आग्रह किया।

