मध्य प्रदेश के इंदौर-खंडवा हाईवे पर चोरल के पास हुए सड़क हादसे में 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की शादी महज चार महीने पहले हुई थी। हादसे के दिन उसकी पत्नी का पहला करवा चौथ था। वह पति की लंबी उम्र के लिए निर्जला व्रत रखकर उसके घर लौटने का इंतजार कर रही थी, लेकिन उसे पति की मौत की खबर मिली। इस घटना से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
जीजा को इंदौर छोड़कर लौट रहा था संजयजानकारी के अनुसार, खंडवा जिले के ग्राम सुरगांव बंजारी निवासी संजय, पिता गरीबदास, अपनी बाइक से मुंह बोले जीजा गणेश को इंदौर छोड़ने गया था। उसके साथ गांव का दोस्त राम भी था। जीजा को इंदौर छोड़ने के बाद दोनों बाइक से अपने गांव लौट रहे थे।इसी दौरान देर रात चोरल के पास तेज रफ्तार इको गाड़ी ने पहले एक बोलेरो को टक्कर मारी। इसके बाद गाड़ी अनियंत्रित होकर संजय की बाइक से टकरा गई। हादसे में संजय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राम गंभीर रूप से घायल हो गया।
पहले करवा चौथ पर उजड़ गया सुहागसंजय की शादी करीब चार महीने पहले आषाढ़ महीने में हुई थी। हादसे वाले दिन उसकी पत्नी का पहला करवा चौथ था। पत्नी ने पति की लंबी उम्र और सलामती की कामना करते हुए पूरे दिन निर्जला व्रत रखा था।परिजनों को बुधवार रात ही हादसे की खबर मिल गई थी, लेकिन पत्नी के व्रत को देखते हुए उसे रात में कुछ नहीं बताया गया। गुरुवार सुबह जब उसे पति की मौत की जानकारी मिली, तो परिवार में चीख-पुकार मच गई। जिस पति की लंबी उम्र के लिए वह दिनभर प्रार्थना कर रही थी, उसके हमेशा के लिए बिछड़ने की खबर ने उसे तोड़ दिया।परिवार का इकलौता बेटा था संजयसंजय आदिवासी कोरकू समाज से था और अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण वह खंडवा की एक दाल मिल में मजदूरी करता था।
इसी कमाई से वह परिवार का सहारा बना हुआ था। उसकी एक छोटी बहन भी है। संजय की अचानक मौत से माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार ने अपना इकलौता बेटा खो दिया है।घायल का अस्पताल में इलाज, सीसीटीवी फुटेज आया सामनेहादसे के बाद परिजन बुधवार रात ही बड़वाह अस्पताल पहुंच गए थे। बाद में संजय के शव को पोस्टमार्टम के लिए खंडवा जिला अस्पताल लाया गया।
गुरुवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घायल राम का इलाज खंडवा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है।इस हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इसमें इको गाड़ी की टक्कर और हादसे का घटनाक्रम दिखाई देने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


