नई दिल्ली। मैट्रिमोनियल साइट्स के जरिए जीवनसाथी की तलाश कर रहे लोगों के लिए एक बड़ा चेतावनी भरा मामला सामने आया है। तिमारपुर थाना पुलिस ने एक ऐसे शातिर ठग को गिरफ्तार किया है, जिसने खुद को कभी सीबीआई अधिकारी, कभी आईएफएसओ अधिकारी और कभी प्रोफेसर बताकर महिलाओं को अपने जाल में फंसाया।
पुलिस के मुताबिक, एक महिला एडवोकेट की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए नोएडा से आरोपी गौरी शंकर को गिरफ्तार किया गया। आरोपी ने शादी का झांसा देकर महिला से नजदीकियां बढ़ाईं और बीमारी सहित विभिन्न बहाने बनाकर करीब 12 लाख रुपये ठग लिए।
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने फर्जी पहचान और आकर्षक प्रोफाइल के जरिए कई महिलाओं का भरोसा जीता। अब तक वह 7 महिलाओं से लगभग 60 लाख रुपये की ठगी कर चुका है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की जांच जारी है।पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मैट्रिमोनियल साइट्स पर किसी भी व्यक्ति की पहचान और दावों की पूरी जांच-पड़ताल करने के बाद ही उस पर भरोसा करें तथा किसी भी परिस्थिति में बिना सत्यापन के पैसे न भेजें।


