चंबल की बेटी कृष्णा शर्मा के स्वागत में उमड़ा जनसैलाब, अम्बाह से बरवाई तक निकली भव्य रैली

अम्बाह। महिला जूनियर हॉकी एशिया कप 2026 की विजेता भारतीय टीम की अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी एवं चंबल की बेटी कृष्णा शर्मा का रविवार को मुरैना, अम्बाह और उनके पैतृक गाँव बरवाई में भव्य स्वागत किया गया। चीन में आयोजित प्रतियोगिता में कृष्णा ने 5 शानदार गोल करते हुए भारत को लगातार तीसरी बार एशिया कप जिताने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।मुरैना में आधार TVS पर महापौर श्रीमती शारदा सोलंकी द्वारा कृष्णा शर्मा का आत्मीय एवं भव्य स्वागत किया गया। इसके पश्चात निर्धारित समय पर मुरैना तिराहा, अम्बाह से स्वागत रैली प्रारंभ हुई और लगभग तीन घंटे की यात्रा के बाद ग्राम बरवाई स्थित पंडित रामप्रसाद बिस्मिल पार्क पहुँची।रैली के दौरान अम्बाह से बरवाई तक विभिन्न स्थानों पर नागरिकों, सामाजिक संगठनों, युवाओं, महिलाओं और खेलप्रेमियों ने फूल-मालाओं एवं पुष्पवर्षा से कृष्णा शर्मा का स्वागत किया। कई स्थानों पर उनका तुलादान भी किया गया। मुरैना तिराहे पर भूतपूर्व सैनिक संगठन द्वारा कृष्णा का विशेष सम्मान एवं भव्य स्वागत किया गया। अम्बाह नगर में भी अनेक स्थानों पर नागरिकों ने उत्साहपूर्वक स्वागत कर चंबल की बेटी को आशीर्वाद दिया।ग्राम बरवाई स्थित पंडित रामप्रसाद बिस्मिल पार्क में आयोजित मुख्य समारोह में एक हजार से अधिक लोग उपस्थित हुए। ग्राम सरपंच रामनरेश शर्मा द्वारा कृष्णा शर्मा का भव्य स्वागत किया गया। उनके नेतृत्व में कार्यक्रम को सुव्यवस्थित एवं प्रभावशाली ढंग से आयोजित किया गया।सरपंच रामनरेश शर्मा ने कृष्णा की उपलब्धि को पूरे चंबल क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताते हुए जनसामान्य से बेटियों को पढ़ाने, खेलों में आगे बढ़ाने और उनकी प्रतिभा को पूरा अवसर देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कृष्णा की सफलता क्षेत्र की अन्य बेटियों के लिए प्रेरणा बनेगी।कार्यक्रम के दौरान कृष्णा शर्मा ने सभी क्षेत्रवासियों के स्नेह, सम्मान एवं आशीर्वाद के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, परिवारजनों, प्रशिक्षकों, ग्वालियर हॉकी अकादमी और भारतीय टीम के सभी सदस्यों को दिया।कृष्णा के चाचा एवं आधार ग्रुप के प्रबंध निदेशक दिलीप शर्मा ने कहा कि कृष्णा ने निरंतर परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प से यह मुकाम हासिल किया है। आज मुरैना, अम्बाह और बरवाई के लोगों द्वारा दिया गया अपार स्नेह पूरे परिवार के लिए अविस्मरणीय है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here