ग्वालियर: Gwalior जिले में मानसून के दौरान अवैध रेत खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। कलेक्टर Ruchika Chauhan के निर्देश पर भितरवार क्षेत्र की बसई और लुहारी रेत खदानों के पहुंच मार्ग जेसीबी की मदद से बंद करा दिए गए।प्रशासन ने पहले ही 30 जून से 30 सितंबर 2026 तक जिले की सभी रेत खदानों में खनन पर प्रतिबंध लागू कर रखा है। इसी के तहत पहुंच मार्ग बंद कर अवैध खनन और परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने की कार्रवाई की जा रही है।भितरवार एसडीएम राजीव समाधिया और नायब तहसीलदार हरनाम सिंह ने संयुक्त रूप से मौके पर पहुंचकर कार्रवाई का निरीक्षण किया और खदानों तक जाने वाले रास्तों को बंद कराया।जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंध अवधि के दौरान यदि कोई व्यक्ति अवैध रेत खनन या परिवहन करते पाया जाता है तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही इस अवधि में ई-खनिज पोर्टल से ई-टीपी (Electronic Transit Pass) जारी करने पर भी पूरी तरह रोक प्रभावी रहेगी।


