धार। जिले के राजगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम शंकरपुरा में चरित्र शंका के चलते एक पति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। आरोप है कि हत्या के बाद उसने महिला का शव बिस्तर पेटी में छिपा दिया और उसके ऊपर बिस्तर लगाकर सो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव बरामद कर आरोपी पति कमलेश को हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने शराब के नशे में हत्या करने की बात स्वीकार की है। घटना के समय दंपति के चारों बच्चे विवाद के कारण अपनी बुआ के घर सोने गए थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।


