छतरपुर। जिले के ईसानगर थाना क्षेत्र के गहरवार गांव निवासी ग्यासी अहिरवार ने अपनी पत्नी सोनिया उर्फ सोमवती अहिरवार पर दो मासूम बच्चों को छोड़कर प्रेमी के साथ चले जाने और दूसरी शादी करने का आरोप लगाया है। पीड़ित पति का कहना है कि वह पिछले कई दिनों से न्याय के लिए अधिकारियों के चक्कर काट रहा है। उसका कहना है कि अब वह अपने दोनों बच्चों का पालन-पोषण स्वयं करेगा और पत्नी से केवल कानूनी रूप से संबंध समाप्त करने की मांग कर रहा है।ग्यासी अहिरवार के अनुसार उसकी शादी 9 जुलाई 2016 को गंगवाहा निवासी सोनिया उर्फ सोमवती अहिरवार से हुई थी।
वह पिछले करीब 20 वर्षों से पंजाब के लुधियाना के साहनेवाल क्षेत्र में काम करता है। उसका दावा है कि शादी के करीब एक वर्ष बाद पत्नी की तबीयत खराब रहने लगी थी, जिसके इलाज पर उसने लाखों रुपये खर्च किए और हरसंभव प्रयास कर उसे स्वस्थ कराया।पीड़ित के मुताबिक 19 दिसंबर 2024 को पत्नी ने अपनी मां की तबीयत खराब होने का हवाला देकर दिल्ली जाने की बात कही। इसके बाद वह स्वयं पत्नी और दोनों बच्चों को दिल्ली में उसकी मां के घर छोड़कर आया।
उसका आरोप है कि बाद में जब भी पत्नी और बच्चों को वापस लाने की कोशिश की गई, हर बार कोई न कोई बहाना बनाकर आने से मना कर दिया गया। इस दौरान वह परिवार के खर्च के लिए लगातार पैसे भेजता रहा और बच्चों से उसकी नियमित बातचीत होती रही।ग्यासी का कहना है कि करीब एक माह पहले उसकी सास मीरा अहिरवार ने फोन कर बताया कि सोमवती पिछले 10 दिनों से घर से गायब है। बच्चों से सामान्य बातचीत होने के कारण उसने उस समय इस सूचना को गंभीरता से नहीं लिया।पीड़ित के अनुसार 3 जुलाई को उसके छोटे साढ़ू राजेश अहिरवार ने फोन पर बताया कि उसकी पत्नी ने दूसरी शादी कर ली है। यह जानकारी मिलने के बाद वह 4 जुलाई को छतरपुर पहुंचा और पत्नी से संपर्क करने का प्रयास किया।
उसका आरोप है कि 5 जुलाई को एसपी कार्यालय पहुंची पत्नी ने मीडिया के सामने खुद को अविवाहित बताया तथा पति और अपने दोनों बच्चों को पहचानने से भी इनकार कर दिया।ग्या
सी अहिरवार ने अपनी सास मीरा अहिरवार, दोनों सालियों सीमा अहिरवार और मुस्कान अहिरवार तथा छोटे साढ़ू राजेश अहिरवार पर पत्नी को भगाने में सहयोग करने का आरोप लगाया है। उसने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।पीड़ित ने कहा, “जब पत्नी बीमार थी, तब मैंने लाखों रुपये खर्च कर उसका इलाज कराया। आज ठीक होने के बाद उसने मुझे और मेरे दो मासूम बच्चों को छोड़ दिया। मेरे लिए वह मर चुकी है। अब मैं सिर्फ अपने बच्चों का पालन-पोषण करना चाहता हूं। अगर उसे अलग जीवन जीना है तो शादी में मिले जेवर वापस कर कानूनी रूप से मुझे तलाक दे दे।”


