नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) और केंद्र सरकार के बीच प्रमुख मांगों पर सहमति बनने के बाद शनिवार को जंतर-मंतर पर 37 दिनों से चल रहा आंदोलन समाप्त हो गया। सरकार ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज मुकदमे वापस लेने का भी आश्वासन दिया है।हालांकि, कानूनी जानकारों के अनुसार सरकार के आश्वासन के बावजूद एफआईआर स्वतः समाप्त नहीं होंगी। प्रत्येक मामले में दिल्ली पुलिस, अभियोजन विभाग और अदालत को निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन करना होगा। गंभीर धाराओं वाले मामलों, जैसे पुलिसकर्मियों पर जानलेवा हमला, गंभीर चोट, दंगा और सार्वजनिक संपत्ति को भारी नुकसान, में अदालत की मंजूरी के बिना मुकदमे वापस लेना संभव नहीं होगा।


