बागेश्वर धाम की अधिकृत वेबसाईट का लोकार्पण, तीन दिवसीय शिविर में बागेश्वर महाराज ने देश भर के साधकों को दिया जीवन का दर्शन

छतरपुर। जिले के सिद्ध धार्मिक क्षेत्र बागेश्वर धाम पर चल रहे तीन दिवसीय आत्मशुद्धि ध्यान शक्ति शिविर के माध्यम से देश भर के अलग-अलग राज्यों से आए साढ़े सात सौ युवाओं को बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री ने योग और ध्यान की विधियों के माध्यम से जीवन का दर्शन सिखाया। इसी शिविर के दौरान बीती रात्रि बागेश्वर धाम की अधिकृत वेबसाईट बागेश्वर धाम सरकार डॉट कॉम का लोकार्पण भी किया गया। धाम की इस वेबसाईट का लोकार्पण करते हुए बागेश्वर महाराज ने बताया कि अब इस वेबसाईट के माध्यम से देश और दुनिया के लोग धाम से जुड़ीं तथ्यात्मक जानकारियां हासिल कर पाएंगे। उन्होंने कहा कि अब तक धाम के नाम से अनेक सोशल मीडिया पेज मौजूद हैं जिनमें कई बार गैर अधिकृत जानकारियां प्रसारित होती हैं लेकिन अब धाम की गतिविधियों और संकल्पों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए एक अत्याधुनिक वेबसाईट शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि जल्द ही बागेश्वर धाम आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी तकनीक का उपयोग करते हुए आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि हम जल्द ही धाम पर संचालित हो रहे वैदिक गुरूकुलम् में पढऩे वाले विद्यार्थियों को वेद शिक्षा के साथ-साथ रोबोट से आधुनिक पढ़ाई भी प्रारंभ करेंगे। इस मौके पर वेबसाईट निर्माता कंपनी के प्रतिनिधि शुभम सिंह ने बताया कि इस वेबसाईट के माध्यम से बागेश्वर धाम के सभी परोपकारी संकल्पों, आगामी कथाओं, देश-विदेश के कार्यक्रमों की सटीक जानकारी फोटो औ वीडियो आम जनमानस तक पहुंच सकेंगे। जनमानस को धाम से जोडऩे के लिए जल्द ही इससे एक कॉल सेंटर को भी जोड़ा जाएगा जो आटिफिशियल इंटेलिजेंस पर आधारित होगा। गुरूवार को शिविर के समापन अवसर पर बागेश्वर महाराज ने देश भर से आए शिविर प्रतिभागियों को तीन दिवसीय शिविर का प्रमाण पत्र भेंट करते हुए उन्हें आशीर्वाद भी दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here