सिवनी जिले के बंडोल थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-44 पर हुई करीब एक करोड़ रुपये की डकैती का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। डीआईजी राकेश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक कृष्ण लाल चंदानी ने शनिवार रात करीब 7:30 बजे प्रेसवार्ता लेकर बताया कि वारदात में शामिल सात आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए लूटे गए सोने-चांदी के जेवरात, नकदी, दो मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन समेत करीब 1 करोड़ 11 लाख रुपये का मशरूका शत-प्रतिशत बरामद किया गया है। कार्रवाई में पुलिस की 10 अलग-अलग टीमों ने करीब 200 स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और नागपुर, जबलपुर, कुरई, छपारा तथा लखनादौन में दबिश दी।जानकारी के अनुसार लखनवाड़ा निवासी योगेंद्र बघेल अपने साथी के साथ साप्ताहिक हाट-बाजारों में सोने-चांदी के आभूषण बेचने का काम करता है। 3 सितंबर की शाम वह बंडोल बाजार से आभूषण लेकर मोटरसाइकिल से लखनवाड़ा लौट रहा था। भोंगाखेड़ा स्थित गीता वेयरहाउस के सामने मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने उसे ओवरटेक कर रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने उसकी आंखों में मिर्च पाउडर डालकर नीचे गिराया और चाकू दिखाकर करीब 26 किलो चांदी, 320 ग्राम सोना और नकदी लूटकर फरार हो गए।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने इसे गंभीरता से लेते हुए तत्काल अलग-अलग टीमें गठित कीं। टीमों ने हाईवे और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। संदिग्धों की आवाजाही और वाहनों के रूट को जोड़ते हुए पुलिस आरोपियों तक पहुंची। इसके बाद अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर सभी सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस के अनुसार बरामद 320 ग्राम सोने की कीमत करीब 48 लाख रुपये, 26 किलो चांदी की कीमत करीब 60 लाख रुपये, दो मोटरसाइकिल करीब 2 लाख रुपये तथा सात मोबाइल फोन करीब 1 लाख रुपये कीमत के हैं।गिरफ्तार आरोपियों में जितेंद्र उर्फ जित्तू बंजारा, भूपेंद्र जंघेला, योगेश साहू, राज उर्फ आरव उईके, दुर्गेश नागौत्रा, आकाश डेहरिया और आदित्य उर्फ सिद्धू लाहोरिया शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपियों में कई के खिलाफ पूर्व से आपराधिक मामले दर्ज हैं।पुलिस की त्वरित कार्रवाई से पीड़ित व्यापारी का पूरा माल वापस मिल गया। कार्रवाई में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में बंडोल, लखनवाड़ा, कोतवाली, छपारा, डूंडासिवनी, बरघाट, यातायात पुलिस, साइबर सेल और कंट्रोल रूम की टीमों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मामले में आरोपियों से पूछताछ कर वारदात की पूरी साजिश और अन्य संभावित सहयोगियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।


