नर्मदापुरम। सिवनीमालवा के ग्राम खपरिया में सब्जी की दुकान बंद कर घर लौट रहे युवक पर कथित तौर पर सब्बल से हमला किए जाने के बाद रविवार को जमकर हंगामा हुआ। गंभीर रूप से घायल युवक के परिजनों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर खपरिया पुल पर चक्का जाम कर दिया।जानकारी के अनुसार, बुधवार रात ग्राम खपरिया निवासी लक्ष्मण जोठे दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए दिनेश ढीमर ने कथित रूप से सब्बल से उनके सिर पर वार कर दिया। हमले में लक्ष्मण गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।परिजनों ने आरोपी पर शराब के नशे में आए दिन विवाद और धमकी देने सहित मंदिरों में तोड़फोड़ करने के आरोप भी लगाए हैं। घटना के विरोध में रविवार को परिजनों ने खपरिया पुल पर चक्का जाम कर दिया।सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नवीन पांडे और ट्रैफिक प्रभारी सुंदरलाल पवार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों से चर्चा कर उचित कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद समझाइश से चक्का जाम समाप्त कराया गया।


