करवा चौथ से पूर्व दो मासूमों को छोड़ लापता हुई पत्नी, मां की राह देख रहे बच्चे, 10 साल की गृहस्थी पर संकट

पन्ना जिस उम्र में बच्चों को मां की गोद में सिर रखकर सोना चाहिए, उस उम्र में दो मासूम अपनी मां की राह देख रहे हैं। पन्ना जिले के अमानगंज थाना क्षेत्र के कुदरा झरकुआं गांव से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने रिश्तों और विश्वास पर सवाल खड़े कर दिए हैं। करवा चौथ जैसे पावन पर्व के बीच एक महिला के अचानक लापता होने से 10 साल पुरानी गृहस्थी बिखर गई है और दो छोटे बच्चे मां की ममता के लिए तरस रहे हैं।पीड़ित पति दिलीप कुशवाहा निवासी कुदरा झरकुआं ने बताया कि उसकी शादी को 10 साल हो चुके हैं। उसका कहना है कि वैवाहिक जीवन में कभी कोई बड़ा विवाद नहीं हुआ।

उसकी पत्नी सीमा कुशवाहा मूल रूप से सिमरिया गांव की रहने वाली है और पिछले एक महीने से मायके में रहकर इलाज करा रही थी। 23 तारीख को वह खुद उसे ससुराल से लेकर अपने घर आया था, जिसके बाद पूरा परिवार साथ रहने लगा था।दिलीप के अनुसार, कुछ दिन बाद उसकी पत्नी दवा कराने की बात कहकर दो साल की मासूम बच्ची को साथ लेकर अमानगंज आई थी। घर पर 4 साल और 6 साल के दो बेटे रह गए थे। अमानगंज आने के बाद से ही पत्नी लापता है और उसका कहीं पता नहीं चल रहा है।पति ने आरोप लगाया है कि घर से जेवरात और 30 से 40 हजार रुपये नकद भी गायब हैं। पत्नी के इस तरह अचानक चले जाने से वह पूरी तरह टूट गया है।

एक तरफ पत्नी की तलाश है तो दूसरी तरफ घर पर दो मासूम बेटों की परवरिश की जिम्मेदारी।इस पूरे मामले में सबसे दर्दनाक स्थिति उन दो बच्चों की है, जिन्हें अभी तक यह भी नहीं पता कि उनकी मां कहां चली गई। हर आहट पर उनकी नजरें दरवाजे की ओर उठ जाती हैं। छोटी-छोटी जरूरतों के लिए वे मां को पुकारते हैं, लेकिन मां का कोई जवाब नहीं आता। 4 और 6 साल की उम्र में जब बच्चों को मां के आंचल की सबसे ज्यादा जरूरत होती है, तब उनका इस तरह मां से दूर होना दिल को झकझोर देने वाला है।दिलीप का कहना है कि उसे अपनी पत्नी पर कभी संदेह नहीं हुआ था, इसलिए यह घटना उसके लिए और भी बड़ा सदमा है। जिस घर में खुशहाली थी, वहां अब सन्नाटा पसरा है। करवा चौथ के दिन जब सुहागिनें अपने पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रखती हैं, उस दिन इस घर में पत्नी ही लापता हो गई, जिससे गांव में भी चर्चा का विषय बना हुआ है।

हालांकि महिला ने किन परिस्थितियों में घर छोड़ा, इसकी असली वजह अभी स्पष्ट नहीं है। महिला का पक्ष सामने आना भी जरूरी है। हो सकता है वह किसी परेशानी या दबाव में यह कदम उठाने को मजबूर हुई हो। इसलिए किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले पुलिस जांच जरूरी है।फिलहाल पीड़ित पति की शिकायत पर अमानगंज पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस महिला की तलाश कर रही है और पति द्वारा लगाए गए जेवर और नकदी ले जाने के आरोपों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि महिला के मिलने के बाद ही पूरे मामले का सच सामने आ सकेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here