गुरु के सानिध्य में भावुक हुए शिष्य, बागेश्वर धाम में गूंजा गुरु-शिष्य मिलन का भाव

छतरपुर। करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र सिद्ध पीठ बागेश्वर धाम में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत रविवार को गुरु शिष्य मिलन समारोह रखा गया। गुरु के दर्शन और सानिध्य की आस लेकर देश के कोने-कोने से पहुंचे शिष्यों के लिए यह कार्यक्रम भावनाओं से सराबोर रहा। जैसे ही शिष्यों को अपने गुरु बागेश्वर महाराज का सानिध्य मिला, कई शिष्य भावुक हो उठे। शिष्यों ने महाराज श्री से आशीर्वाद लिया। बागेश्वर महाराज ने सभी शिष्यों को आशीर्वाद देते हुए उनके जीवन में धर्म, संस्कार और सेवा के भाव को निरंतर बनाए रखने का संदेश दिया। महाराज श्री ने कहा कि गुरु के संकल्पों को जन-जन तक पहुंचाने का दायित्व शिष्यों का है। उन्होंने शिष्यों का आह्वान करते हुए कहा कि वे जहां भी हैं वहीं से सनातन के लिए डटे रहें और अपने आचरण व कर्मों के माध्यम से समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाएं। गुरु के इन शब्दों ने उपस्थित शिष्यों में नया उत्साह भर दिया। शिष्यों ने कहा कि गुरु का सानिध्य उनके लिए केवल दर्शन का अवसर नहीं बल्कि जीवन में नई ऊर्जा और प्रेरणा प्राप्त करने का माध्यम है। उनका कहना था कि यदि समय-समय पर इसी तरह गुरु के दर्शन और मार्गदर्शन मिलते रहें तो उन्हें अपने संकल्पों, सेवा के कार्यों में और अधिक ऊर्जा मिलेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here