शिवपुरी -गणेश विसर्जन से पहले फिर भड़की सफाई कर्मचारियों की हड़ताल, 25 अगस्त के बाद दूसरी बार काम बंद

शिवपुरी में सफाई कर्मचारियों ने मंगलवार से एक बार फिर हड़ताल शुरू कर दी है। इससे पहले कर्मचारी 25 अगस्त से 31 अगस्त तक हड़ताल पर रहे थे, जिसे प्रशासन के आश्वासन के बाद समाप्त किया गया था। इसके बाद 11 सितंबर को दोबारा हड़ताल का आह्वान किया गया, लेकिन उसी दिन मिले आश्वासन के बाद आंदोलन टाल दिया गया था। अब कई दिन बीतने के बावजूद मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए सफाईकर्मियों ने फिर काम बंद कर दिया है।

आश्वासन से कर्मचारी नाराज, बोले- अब दस्तावेज हाथ में मिलने पर ही खत्म होगी हड़तालसफाई कर्मचारियों का कहना है कि बार-बार आश्वासन मिलने के बावजूद उनकी मांगों का निराकरण नहीं हुआ। कर्मचारियों ने इस बार स्पष्ट कर दिया है कि प्रशासन के आश्वासनों से अब उनका भरोसा उठ गया है। उनका कहना है कि जब तक विनियमितीकरण, नियमितीकरण और प्रमोशन से संबंधित पत्र कर्मचारियों को नहीं दिए जाते, तब तक हड़ताल समाप्त नहीं की जाएगी।

कर्मचारियों की ओर से ईपीएफ और एनपीएस की राशि जमा किए जाने के साक्ष्य भी मांगे जा रहे हैं। सफाईकर्मियों का आरोप है कि नगर पालिका के जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से कर्मचारियों का ईपीएफ जमा किए जाने की बात कही जा रही है, लेकिन उनके खातों में राशि दिखाई नहीं दे रही है। ऐसे में कर्मचारी अब केवल मौखिक आश्वासन के बजाय दस्तावेजी प्रमाण की मांग कर रहे हैं।

गणेश विसर्जन के बीच बिगड़ सकती है सफाई व्यवस्थासफाई कर्मचारियों की हड़ताल ऐसे समय शुरू हुई है, जब शहर में गणेश विसर्जन की तैयारियां चल रही हैं। विसर्जन के दौरान शहर की सड़कों और प्रमुख मार्गों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही रहती है। जगह-जगह झांकियां और गणेश प्रतिमाएं निकलने के चलते सफाई व्यवस्था की जरूरत भी बढ़ जाती है।ऐसे में सफाईकर्मियों के काम पर नहीं लौटने से शहर में कचरा उठाव प्रभावित होने के साथ ही जगह-जगह गंदगी के ढेर लगने की स्थिति बन सकती है। बारिश के बीच कचरा जमा रहने से लोगों की परेशानी और बढ़ने की आशंका है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here