इंदौर में DRI की बड़ी कार्रवाई, 1.19 करोड़ की ड्रग्स के साथ नाइजीरियाई महिला गिरफ्तार

इंदौर में डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक नाइजीरियाई महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से करीब 1.4 किलोग्राम मादक पदार्थ बरामद किया गया है, जिसकी ग्रे मार्केट में कीमत करीब 1.19 करोड़ रुपये बताई गई है। बरामद ड्रग्स में एम्फेटामाइन,एमडीएमए यानी एक्स्टेसी और हाइड्रोपोनिक गांजा शामिल है। DRI ने आरोपी को एनडीपीएस एक्ट 1985 की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार किया है। DRI के मुताबिक, एजेंसी को विशेष सूचना मिली थी कि एक विदेशी महिला यात्री इंदौर से बस के जरिए पुणे जाने वाली है और उसके सामान में बड़ी मात्रा में मादक और मनोदैहिक पदार्थ मौजूद हैं। सूचना के आधार पर DRI अधिकारियों ने 21 सितंबर 2026 को इंदौर के विजय उद्योग नगर स्थित पर्पल बस ट्रैवल एजेंसी, एचपी पेट्रोल पंप के पास, तीन इमली चौराहे पर निगरानी की। इसी दौरान अधिकारियों ने संदिग्ध नाइजीरियाई महिला यात्री को रोका और उसके सामान की तलाशी ली। महिला के पास मौजूद नेवी ब्लू रंग के डफेल बैग की गहन जांच की गई। तलाशी के दौरान कई पॉलीथिन पैकेट मिले, जिनमें सफेद रंग का क्रिस्टलीय पदार्थ और अलग-अलग रंगों की टैबलेट्स रखी हुई थीं।DRI अधिकारियों ने मौके पर फील्ड ड्रग डिटेक्शन किट की मदद से बरामद पदार्थों की जांच की। जांच में पदार्थों के एम्फेटामाइन, एमडीएमए (एक्स्टेसी) और कैनाबिस होने की पुष्टि हुई। DRI के अनुसार कार्रवाई में कुल 1120 ग्राम एम्फेटामाइन पाउडर/क्रिस्टलीय रूप में, 296 ग्राम एम्फेटामाइन/एमडीएमए (एक्स्टेसी) टैबलेट्स और 10 ग्राम हाइड्रोपोनिक वीड (गांजा) बरामद किया गया। जब्त किए गए मादक पदार्थों की ग्रे मार्केट कीमत करीब 1.19 करोड़ रुपये आंकी गई है। ड्रग्स की इतनी बड़ी खेप मिलने के बाद DRI ने नाइजीरियाई महिला को गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की जांच जारी है। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि ड्रग्स की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे पुणे ले जाने के पीछे कौन लोग या नेटवर्क शामिल हैं। DRI ने कहा है कि अवैध मादक पदार्थों के सिंडिकेट को खत्म करने के लिए देशभर में कार्रवाई जारी है और एजेंसी भारत सरकार के ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के प्रति प्रतिबद्ध है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here