रीवा के पुष्पराज नगर में कुछ ऐसा नजारा देखने को मिला, जब एक स्कूटी के अंदर करीब 8 फीट लंबा सांप घुस गया। स्कूटी के अंदर सांप दिखाई देते ही आसपास हड़कंप मच गया, और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सांप को देखकर कई लोग उसे जहरीला समझकर घबरा गए, और तत्काल स्नेक कैचर को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही स्नेक कैचर नसीम अंसारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिना घबराए बेहद सावधानी के साथ स्कूटी की जांच शुरू की। और काफी मशक्कत के बाद स्कूटी के अंदर छिपे सांप को सुरक्षित तरीके से बाहर निकाला गया।
स्कूटी के अंदर सांप घुसे होने का वीडियो भी सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया में भी वायरल हो रहा है।बताया गया कि पकड़ा गया सांप धामन प्रजाति का था, जिसे आमतौर पर गैर विषैला सांप माना जाता है। हालांकि किसी भी सांप को देखकर खुद उसे पकड़ने या छेड़ने का प्रयास करना खतरनाक हो सकता है। ऐसी स्थिति में प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम या वन विभाग को सूचना देना ही सुरक्षित विकल्प है। स्नेक कैचर नसीम अंसारी ने अपनी सुरक्षा की परवाह किए बिना, सावधानीपूर्वक सांप को स्कूटी से बाहर निकाला और लोगों को संभावित खतरे से बचाया।
रेस्क्यू के बाद सांप को लोगों से दूर सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया गया। घटना के दौरान मौके पर काफी देर तक लोगों की भीड़ जमा रही। स्कूटी के अंदर से सांप निकलने का वीडियो भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।विशेषज्ञों के अनुसार, मौसम में बदलाव और सुरक्षित जगह की तलाश के दौरान सांप कभी-कभी वाहनों, घरों या अन्य स्थानों में छिप जाते हैं। इसलिए सांप दिखाई देने पर घबराने या उसे मारने के बजाय तत्काल वन विभाग अथवा प्रशिक्षित स्नेक रेस्क्यू टीम को सूचना देना चाहिए।


