उज्जैन। नीलगंगा थाना पुलिस और साइबर टीम को आज बड़ी सफलता हाथ लगी है। गोरकर बंधुओं के चर्चित दोहरे हत्याकांड में लंबे समय से फरार चल रहे दो कुख्यात बदमाशों को पुलिस ने शॉर्ट एनकाउंटर के बाद दबोच लिया। करोहन क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई के दौरान आरोपियों ने भागने की कोशिश करते हुए पुलिस टीम पर हमला कर दिया, जिसके बाद आत्मरक्षार्थ की गई पुलिस कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है।अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर पश्चिम) गुरु प्रसाद पाराशर एवं नगर पुलिस अधीक्षक माधवनगर श्रीमती दीपिका शिंदे के मार्गदर्शन में नीलगंगा पुलिस टीम लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।देर रात पुलिस को सूचना मिली तो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने करोहन क्षेत्र की घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर हमला बोल दिया और मौके से भागने का प्रयास किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आत्मरक्षा में गोलियां चलाईं, जिससे दोनों बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में दोनों को इलाज के लिए अस्पताल भर्ती कराया गया है।गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक रिकार्डसोनू पासी (उम्र 32 वर्ष) – जबरन कॉलोनी निवासी सोनू पिता विजयबहादुर पासी पर नीलगंगा और महाकाल थाने में पहले से ही 14 गंभीर आपराधिक मामले (हत्या का प्रयास, आर्म्स एक्ट, जुआ, अवैध शराब, बलवा और हत्या का नया बीएनएस मामला) दर्ज हैं।
विजय उर्फ छोटू (उम्र 21 वर्ष) – जबरन कॉलोनी निवासी विजय पिता सीताराम सूर्यवंशी पर पूर्व से ही पॉक्सो एक्ट (POCSO), सड़क दुर्घटना और धमकी देने जैसे 2 मामले दर्ज थे। अब दोहरे हत्याकांड के इस मामले को मिलाकर उस पर कुल 3 केस दर्ज हैं।


