आगर-मालवा जिला मुख्यालय में गणेश विसर्जन के जुलूस के दौरान दो पक्षों में विवाद हो गया। झांकियों को आगे-पीछे करने और डीजे को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर हाथापाई हुई, जिसमें कुछ लोगों को मामूली चोटें भी आई हैं। विवाद के बाद बड़ी संख्या में दोनों पक्षों के लोग कोतवाली थाने पहुंच गए। हालात बिगड़ते देख पुलिस को हल्का बल प्रयोग कर स्थिति नियंत्रित करनी पड़ी। देर रात पुलिस की समझाइश के बाद गणेश प्रतिमा के साथ भीड़ विसर्जन के लिए रवाना हुई।
मामला आगर-मालवा जिला मुख्यालय पर हाउसिंग बोर्ड कालोनी के समीप मुख्य मार्ग का है, जहां गणेश विसर्जन के लिए अलग-अलग ग्रुप जुलूस के रूप में आगे बढ़ रहे थे। इसी दौरान झांकियों को आगे-पीछे करने और डीजे को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। कुछ ही देर में विवाद बढ़ा और दोनों पक्षों के लोगों के बीच हाथापाई और मारपीट शुरू हो गई। विवाद के बाद दोनों पक्षों की भारी भीड़ कोतवाली थाने पहुंच गई। बताया जा रहा है कि एक पक्ष गणेश प्रतिमा को लेकर ही थाने पहुंच गया था। इसी दौरान पुलिस द्वारा दूसरे पक्ष के एक व्यक्ति को थाने लाए जाने पर माहौल एक बार फिर तनावपूर्ण हो गया और थाने परिसर में ही हाथापाई की स्थिति बन गई।
हालात को बिगड़ने से रोकने के लिए पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप किया और हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को नियंत्रित किया। इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों के लोगों को समझाइश दी। देर रात स्थिति सामान्य होने के बाद गणेश विसर्जन का जुलूस दोबारा आगे बढ़ा और प्रतिमा के विसर्जन की प्रक्रिया पूरी की गई। पुलिस का कहना है कि मामले में दोनों पक्षों की ओर से प्राप्त शिकायतों के आधार पर विधि सम्मत कार्रवाई की जा रही है।
बाइट – रविन्द्र बोयट, एडिशनल एसपी


