खंडवा पंचायत के रघुवीर यादव को मिलेगा राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान, 13 अक्टूबर को खंडवा में होगा सम्मान समारोह

मध्यप्रदेश के खंडवा में हरफनमौला कलाकार किशोर कुमार की स्मृति में दो दिवसीय राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस साल राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान-2026 प्रसिद्ध अभिनेता रघुवीर यादव को अभिनय के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए दिया जाएगा।मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग और जिला प्रशासन खंडवा के सहयोग से यह आयोजन 12 और 13 अक्टूबर को पुलिस ग्राउंड में होगा। दोनों दिन शाम 7 बजे से कार्यक्रम शुरू होंगे और दर्शकों के लिए प्रवेश निशुल्क रहेगा।12 अक्टूबर को स्थानीय कलाकार देंगे प्रस्तुतिकार्यक्रम के पहले दिन 12 अक्टूबर को ‘ये शाम मस्तानी’ नाम से गीत-संगीत संध्या होगी। इसमें खंडवा के युवा गायक कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। कार्यक्रम में सुनील शर्मा, संध्या ग्रेवाल, अंकुश पटेल, रजत लाड़, रोशनी पहलवान और पूजा पुरा गीतों की प्रस्तुति देंगे।13 अक्टूबर को रघुवीर यादव होंगे सम्मानितदूसरे दिन 13 अक्टूबर को किशोर कुमार की पुण्य स्मृति में राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान अलंकरण समारोह आयोजित किया जाएगा। इसी दौरान अभिनेता रघुवीर यादव को वर्ष 2026 का सम्मान प्रदान किया जाएगा। सम्मान समारोह के बाद प्रसिद्ध गायक सुदेश भोसले और उनकी टीम गीत-संगीत की प्रस्तुति देगी।1997 से दिया जा रहा है, किशोर कुमार सम्मानराष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान की शुरुआत मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग ने 1997 में की थी। अब तक सिनेमा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 29 विभूतियों को यह सम्मान दिया जा चुका है। यह सम्मान निर्देशन, अभिनय, पटकथा और गीत लेखन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए दिया जाता है। सम्मान के तहत 5 लाख रुपये की पुरस्कार राशि और प्रशस्ति पट्टिका प्रदान की जाती है। पुरस्कार राशि कर मुक्त है।कौन हैं, रघुवीर यादव?रघुवीर यादव का जन्म 25 जून 1957 को जबलपुर में हुआ था। उन्होंने रंगमंच से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की और नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (NSD), नई दिल्ली से प्रशिक्षण लिया। उन्होंने 1985 में फिल्म ‘मैसी साहब’ से फिल्मों में पहचान बनाई। इसके बाद ‘सलाम बॉम्बे!’, ‘बैंडिट क्वीन’, ‘दिल से’, ‘लगान’, ‘वॉटर’ और ‘पीपली लाइव’ जैसी फिल्मों में दमदार अभिनय किया।हाल के वर्षों में वे वेब सीरीज ‘पंचायत’ में प्रधान जी के किरदार से नई पीढ़ी के दर्शकों के बीच भी काफी लोकप्रिय हुए हैं। अभिनय के साथ वे गायन और संगीत से भी जुड़े रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here