खंडवा में दुर्गा प्रतिमा पर गिरी हाईटेंशन लाइन की आफत, करंट से 4 युवक झुलसे

मध्य प्रदेश के खंडवा में दुर्गा प्रतिमा लेकर जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली हादसे का शिकार हो गई। प्रतिमा का मुकुट हाईटेंशन लाइन से टकराने के कारण करंट फैल गया, जिससे ट्रॉली में बैठे चार लोग झुलस गए। सभी घायलों को खंडवा के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा इंदौर-एदलाबाद नेशनल हाईवे पर मोकलगांव टोल प्लाजा के पास हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात सुचारु कराया। खंडवा विधायक कंचन तनवे ने भी अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना।

नवरात्रि की तैयारियों के बीच खंडवा में बड़ा हादसा हो गया। शहर के टपालचाल क्षेत्र में स्थापित की जाने वाली दुर्गा प्रतिमा को बुरहानपुर से ट्रैक्टर-ट्रॉली में रखकर खंडवा लाया जा रहा था। करीब 15 फीट ऊंची प्रतिमा का मुकुट मोकलगांव टोल प्लाजा के पास हाईवे के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से टकरा गया। इससे प्रतिमा करंट की चपेट में आ गई और ट्रॉली में बैठे चार लोग झुलस गए।

जानकारी के अनुसार इस हादसे में विजय हाथमोड़े, गिरीश, कपिल और राजा झुलस गए है। मौके पर पहुंची NHAI की एम्बुलेंस से चारों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, घायलों की हालत सामान्य है। ट्रैक्टर-ट्रॉली में कुल छह लोग सवार थे, जिनमें से चार प्रतिमा के साथ ट्रॉली में बैठे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रैक्टर-ट्रॉली रॉन्ग साइड में चल रही थी। हादसे के बाद हाईवे पर यातायात प्रभावित हुआ और वाहनों की कतार लग गई। छैगांवमाखन थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रैफिक सुचारु कराया।

जानकारी के मुताबिक, खंडवा में प्लास्टर ऑफ पेरिस की मूर्तियां बनाने पर प्रतिबंध है। मिट्टी से इतनी ऊंची प्रतिमा बनाना मुश्किल होने के कारण बुरहानपुर में बनी पीओपी की मूर्तियां खंडवा लाई जाती हैं। फिलहाल पुलिस हादसे की जांच कर रही है। वहीं, घटना की जानकारी मिलने पर खंडवा विधायक कंचन तनवे जिला अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने घायलों और उनके परिजनों से मुलाकात कर हर संभव मदद का भरोसा दिया।आउट्रो… हादसे में झुलसे चारों लोगों की हालत फिलहाल सामान्य बताई जा रही है। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here