गुना में गोलीकांड से सनसनी, हिस्ट्रीशीटर और उसके साथियों पर युवक को गोली मारने का आरोप, पुराने विवाद में मजदूर के कंधे पर किया फायर, जिला अस्पताल में भर्ती घायल की हालत फिलहाल ठीक।गुना। जिले के कैंट थाना क्षेत्र अंतर्गत रिछेरा गांव में गोलीकांड की वारदात सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। यहां काम से घर लौट रहे एक युवक को रास्ते में रोककर मारपीट करने और पिस्टल से गोली मारने का आरोप लगा है। घायल युवक की पहचान रवि जाट के रूप में हुई है। गोली उसके बाएं कंधे पर लगी, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल उसकी हालत ठीक बताई जा रही है। घटना के पीछे पुराने विवाद और धमकी का मामला सामने आया है। घायल ने हिस्ट्रीशीटर कश्मीरा जाट समेत अन्य लोगों पर वारदात को अंजाम देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।जानकारी के मुताबिक, घटना शुक्रवार शाम करीब आठ बजे की बताई जा रही है। रवि जाट का कहना है कि वह मजदूरी करके घर लौट रहा था। वह पीओपी का काम करता है और रोजाना की तरह रिछेरा गांव के रास्ते से गुजर रहा था। इसी दौरान गांव के पंचायत भवन के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए छह लोगों ने उसे रोक लिया। आरोप है कि आरोपियों ने पहले उसके साथ गाली-गलौज की और फिर मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद हथियार निकालकर फायरिंग की गई। रवि के मुताबिक, आरोपियों ने पहले दो फायर ऊपर की ओर किए और फिर पिस्टल से उसके बाएं कंधे पर गोली मार दी। गोली लगते ही रवि घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। उसका कहना है कि वारदात के बाद उसे कुछ भी ठीक से याद नहीं रहा। बाद में पुलिस उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां उसका इलाज किया गया। फिलहाल उसकी स्थिति ठीक बताई जा रही है। घटना के बाद से गांव और आसपास के इलाके में वारदात को लेकर चर्चा है।घायल रवि जाट ने आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले भी उसे टोरिया गांव के पास रोककर धमकी दी गई थी। उस समय भी उसे चेतावनी दी गई थी कि यदि वह लल्लू जाट के साथ रहेगा तो उसे जान से मार दिया जाएगा। रवि का कहना है कि उसका लल्लू जाट से कोई लेना-देना नहीं है। वह मजदूरी करके अपना परिवार चलाता है और किसी विवाद में नहीं पड़ना चाहता। इसके बावजूद उसे निशाना बनाया गया।रवि के मुताबिक, वारदात के दौरान कुछ आरोपियों के चेहरे कपड़े से ढके हुए थे, जबकि वह कुछ लोगों को पहचानता है। उसने पुलिस को कश्मीरा जाट और छोटू रघुवंशी सहित अन्य लोगों के बारे में जानकारी दी है। घायल ने आरोप लगाया कि कश्मीरा जाट और छोटू रघुवंशी के पास हथियार थे। एक के पास बंदूक और दूसरे के पास पिस्टल होने की बात भी उसने कही है। हालांकि, घटना में किस आरोपी की क्या भूमिका रही और गोली किस हथियार से चलाई गई, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।घटना की सूचना मिलते ही एफआरवी यानी फर्स्ट रिस्पॉन्स व्हीकल को सूचना प्राप्त हुई। सूचना में बताया गया था कि रिछेरा गांव में एक युवक को गोली मार दी गई है। इसके बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और मामले की तस्दीक की। घायल के बयान के आधार पर पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाई और आरोपियों की पहचान करने की प्रक्रिया शुरू की।पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घायल ने तीन आरोपियों के नाम बताए हैं, जिनमें कश्मीरा जाट, छोटू रघुवंशी और रवि जाट नाम शामिल बताए गए हैं।पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश और पतारसी में जुटी है। मामले में एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्यवाही शुरू कर दी गई है। पुलिस की ओर से एक आरोपी को राउंडअप किए जाने की जानकारी भी सामने आई है। अन्य संदिग्धों की भूमिका की जांच की जा रही है।वही सीएसपी का कहना है कि कैंट थाना अंतर्गत रिछेरा गांव में FRV में इवेंट प्राप्त हुआ था जिसमें यह बताया गया था कि फरियादी रवि जाट नाम के युवक को किसी ने गोली मार दी है तत्काल पुलिस टीम तस्दीक के लिए वहां पहुंचती है तो फरियादी के द्वारा यह बताया जाता है कि दो मोटरसाइकिल से छह लोग आए थे जिनके द्वारा उसके साथ मारपीट की गई ,ओर फिर पिस्टल से उसके बाएं कंधे पर फायर किया गया ,फिर उसको जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया ओर अभी वर्तमान में उसकी अवस्था ठीक है अभी जो फरियादी के द्वारा बताया गया है कि तीन आरोपियों को वह पहचानता है जिनके नाम कश्मीरा जाट,छोटू रघुवंशी,रवि जाट तीन अन्य आरोपी अन्य आरोपी है उनकी तलाश पतारशी की जा रही है जिसके बाद विवाद का कारण भी स्पष्ट हो सकेंगे।


