शिवपुरी -कोलारस में पत्नी और 3 बच्चों के साथ पानी की टंकी पर चढ़ा युवक, मासूम को लटकाकर फेंकने की धमकी दी

शिवपुरी जिले के कोलारस कस्बे में रेलवे स्टेशन क्षेत्र में बुधवार को एक दंपति के पानी की टंकी पर चढ़ने से हड़कंप मच गया। सागर बाल्मीक अपनी पत्नी मनीषा और तीन बच्चों के साथ टंकी पर चढ़ गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उन्हें नीचे उतारने की कोशिश की, लेकिन वे मानने को तैयार नहीं हुए। इसी दौरान सागर एक बच्चे को लेकर टंकी के ऊपरी हिस्से तक पहुंच गया और उसे हवा में लटकाकर नीचे फेंकने की धमकी देने लगा। काफी देर तक चले घटनाक्रम के बाद थाना प्रभारी पुनीत बाजपेई के आश्वासन पर परिवार नीचे उतरने के लिए राजी हुआ।

पुलिसकर्मियों पर लगाए परेशान करने के आरोप -सागर बाल्मीक ने कोलारस थाने में पदस्थ तीन पुलिसकर्मियों पर लगातार परेशान करने का आरोप लगाया। उसकी पत्नी मनीषा बाल्मीक का कहना है कि पुलिसकर्मी उसके पति के बारे में पूछताछ करने के लिए कभी भी घर पहुंच जाते हैं। इससे परिवार परेशान है। मनीषा ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी उन्हें झूठे मामलों में फंसाने की धमकी भी देते हैं।घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दंपति को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, दोनों नीचे उतरने को तैयार नहीं हुए। इस बीच सागर बच्चे को लेकर टंकी के ऊपरी हिस्से तक पहुंच गया। बच्चे को नीचे फेंकने की धमकी से मौके पर मौजूद लोगों में चिंता बढ़ गई।

थाना प्रभारी के आश्वासन के बाद नीचे उतरा परिवार -मामले की गंभीरता को देखते हुए कोलारस थाना प्रभारी पुनीत बाजपेई भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने फोन पर आश्वासन दिया कि उनके खिलाफ कोई झूठी कार्रवाई नहीं की जाएगी। इसके बाद दंपति बच्चों समेत टंकी से नीचे उतरने के लिए राजी हो गया।हत्या और मारपीट के मामले दर्ज होने की जानकारी -बताया गया है कि सागर बाल्मीक के खिलाफ हत्या का एक और मारपीट के चार मामले दर्ज हैं। जानकारी के अनुसार, किसी व्यक्ति ने उसे जिलाबदर की कार्रवाई होने की आशंका जताते हुए इसकी सूचना दी थी। इसके बाद कार्रवाई से बचने की आशंका के बीच उसके पानी की टंकी पर चढ़ने की बात सामने आई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here