पन्ना: देवेंद्र नगर में दुर्गा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा, बांध में डूबने से दो दोस्तों की मौत, तीन को बचाया

पन्ना जिले के देवेंद्र नगर से एक बेहद हृदय विदारक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन के दौरान बांध में पांच दोस्त गहरे पानी में डूब गए। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र की खुशियों को मातम में बदल दिया है।

स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से तीन युवकों साहिल तिवारी, हरिओम द्विवेदी और करण सोनी को तो सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पन्ना जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, लेकिन इस खौफनाक मंजर में दो परिवारों के चिराग हमेशा के लिए बुझ गए। हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान 18 वर्षीय आयुष अग्रवाल (पिता शेष अग्रवाल) और 25 वर्षीय कृष्णा सोनी (पिता नारायण दास सोनी) के रूप में हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विसर्जन के दौरान अचानक पैर फिसलने या गहरे पानी में चले जाने से यह हादसा हुआ। मौके पर मौजूद लोगों और स्थानीय मछुआरों ने तुरंत पानी में कूदकर युवकों को बचाने का पूरा प्रयास किया, बताया जा रहा है कि दोनों प्रतिमा के नीचे दबे हुए थे जिस कारण उन्हें बचाने में समय लगा और उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू और तहसीलदार सुमित तिवारी सहित प्रशासनिक अमला तुरंत मौके पर पहुंच गया। इस आकस्मिक और दुखद त्रासदी से दोनों पीड़ित परिवारों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे देवेंद्र नगर क्षेत्र की हर आंख नम है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here