छतरपुर। सटई-अमरोनिया मार्ग पर स्थित कसार पुल पर रेलिंग लगाने का कार्य प्रगति पर है। भारी बारिश के कारण पुल की रेलिंग बह गई थी, जिससे यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बढ़ गया था। पीडब्लूडी के ईई आशीष भारती ने बताया कि कसार पुल की ऊंचाई अधिक होने के कारण रेलिंग नहीं होने से वाहनों के पुल से नीचे गिरने की आशंका बनी हुई थी। ऐसे में पुल पर रेलिंग लगाने का कार्य शुरू होने से क्षेत्र के लोगों और राहगीरों को राहत मिलने की उम्मीद है। रेलिंग लगने के बाद पुल से गुजरने वाले वाहन चालकों को सुरक्षा मिलेगी और दुर्घटनाओं की आशंका को कम करने में मदद मिलेगी। सटई-अमरोनिया मार्ग से आवागमन करने वाले लोगों के लिए यह कार्य महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


