छतरपुर में सिया दिवाली महोत्सव का आगाज, महिलाओं के हस्तनिर्मित उत्पादों की तीन दिवसीय प्रदर्शनी शुरू

छतरपुर। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित सिया दिवाली महोत्सव का छठा संस्करण 24, 25 और 26 अक्टूबर तक आयोजित किया जा रहा है।

तीन दिवसीय प्रदर्शनी का शुभारंभ नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्रीमती ज्योति चौरसिया ने किया। प्रदर्शनी में महिलाओं द्वारा तैयार किए गए हस्तनिर्मित उत्पाद, दीपावली की सजावट का सामान और कई आकर्षक घरेलू वस्तुएं उपलब्ध हैं।

यहां दिव्यता नेचुरल्स की स्टॉल लगाने वाली भावना अग्रवाल ने बताया कि प्रदर्शनी में अधिकांश उत्पाद हाथों से तैयार किए गए हैं। इनमें गोबर से बने पर्यावरण अनुकूल उत्पाद भी विशेष आकर्षण का केंद्र हैं। गोमय उत्पादों में धूपबत्ती, साम्रानी कप, लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाएं और तुलसी वृंदावन सहित कई वस्तुएं शामिल हैं।

इस बार प्रदर्शनी में छतरपुर की महिलाओं के साथ लखनऊ और जबलपुर जैसे शहरों से भी प्रतिभागी शामिल हुए हैं। वे अपने हस्तनिर्मित उत्पादों और कलात्मक हुनर के माध्यम से लोगों का ध्यान आकर्षित कर रही हैं।आयोजकों ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में प्रदर्शनी में पहुंचें और महिलाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की खरीदारी कर उनका उत्साहवर्धन करें।

इस पहल का उद्देश्य महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने के साथ-साथ ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को प्रोत्साहित करना भी है।तीन दिनों तक चलने वाला यह महोत्सव स्थानीय महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रचार-प्रसार और बिक्री के लिए एक बेहतर मंच प्रदान कर रहा है।

ज्योति चौरसिया नगर पालिका परिषद अध्यक्ष

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here