गुना जिले में नशे के अवैध मादक पदार्थों की बिक्री, तस्करी और नशे के नेटवर्क से जुड़े लोगों के खिलाफ पुलिस लगातार कार्यवाही कर रही है। इसी अभियान के तहत चांचौड़ा थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने कार्यवाही करते हुए दो कथित नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 20.37 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की गई है, जिसकी कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही पल्सर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। जब्त मशरुका की कुल कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई गई है।दरअसल, 25 अक्टूबर 2026 को चांचौड़ा थाना क्षेत्र की बीनागंज चौकी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग मोटरसाइकिल से स्मैक लेकर क्षेत्र में पहुंच रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी की। बागेश्वर मंदिर के पास ऊमरथाना जाने वाले रास्ते पर पुलिस ने नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की।वही जांच के दौरान पुलिस ने एक पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक MP04 YD 4532 को रोका। मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों की तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 20.37 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरबाज पुत्र मदीन खान, उम्र 24 वर्ष और राजा उर्फ छोटू पुत्र सरफराज खान, उम्र 32 वर्ष, दोनों निवासी शिवनगर, थाना निशादपुर, जिला भोपाल के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 2 लाख रुपये कीमत की स्मैक और करीब 1 लाख रुपये कीमत की तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है।पुलिस ने इस मामले में चांचौड़ा थाने में अपराध क्रमांक 381/26 दर्ज किया है। आरोपियों के खिलाफ धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी गई है।इस कार्यवाही को गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन और एसडीओपी चांचौड़ा श्री मनोज कुमार झा के पर्यवेक्षण में चांचौड़ा थाना पुलिस ने कार्यवाही की है।


